राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ग्रामरथ अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत पंचायत समिति गोविंदगढ़ की ग्राम पंचायत हस्तेड़ा में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम हस्तेड़ा निवासी श्री मुकेश कुमार जाट ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की तारबंदी (फेंसिंग) योजना के तहत अपनी खेती को सुरक्षित बनाने के लिए आवेदन किया था। योजना के अंतर्गत उन्हें लगभग 40 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने अपने खेत के चारों ओर मजबूत तारबंदी करवाई।

उन्होंने बताया कि पहले उनकी फसल को आवारा पशुओं से भारी नुकसान होता था, जिससे उत्पादन और आय दोनों प्रभावित होते थे। लेकिन तारबंदी होने के बाद अब उनकी फसल पूरी तरह सुरक्षित हो गई है। इससे न केवल फसल नुकसान में कमी आई है, बल्कि उत्पादन और गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले उन्हें रातभर खेत की रखवाली करनी पड़ती थी, जबकि अब वे निश्चिंत होकर अन्य कार्यों पर ध्यान दे पा रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है।

श्री मुकेश कुमार जाट ने योजना का लाभ मिलने पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए अन्य किसानों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। यह पहल न केवल फसल सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि किसानों की आय और जीवन स्तर में ठोस सुधार का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story