कृषि विभाग भर्ती 2026: 600 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 20 जुलाई से
राजस्थान कृषि विभाग भर्ती 2026 में चयनित 600 अभ्यर्थियों की पात्रता जांच और मूल दस्तावेज सत्यापन 20 से 23 जुलाई तक जयपुर के SIAM दुर्गापुरा में होगा। जानें पदों के अनुसार पूरी प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी।

राजस्थान कृषि विभाग ने विभिन्न पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता जांच एवं मूल दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम जारी किया है। विभाग द्वारा यह प्रक्रिया 20 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक राज्य कृषि प्रबंध संस्थान (SIAM), दुर्गापुरा, जयपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी।
इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि अनुसंधान अधिकारी एवं सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुल 600 अभ्यर्थियों की पात्रता जांच एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाना है।
विभाग के अनुसार सत्यापन प्रक्रिया में सहायक कृषि अधिकारी पद के 370, सांख्यिकी अधिकारी पद के 59, कृषि अनुसंधान अधिकारी पद के 73 तथा सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी पद के 98 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा।
पात्रता जांच के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज, अनुभव प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की नियमानुसार गहन जांच की जाएगी। विभाग ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती की आगामी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार संपादित की जाएगी।
कृषि विभाग ने इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम, अभ्यर्थियों की सूची और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agriculture.rajasthan.gov.in पर अपलोड कर दी है। विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी मूल दस्तावेजों और उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, जिससे दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूरी की जा सके।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
