जयपुर। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने राजस्थान आम आदमी पार्टी संगठन को लेकर बड़ी रणनीति बनाई है। आम आदमी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व आगामी स्थानीय निकाय व विधानसभा चुनावों को लेकर गंभीर रूख अपना रहा है। इसी क्रम में राजस्थान में आने वाले सभी चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से लड़ेगी।

संगठन की मजबूती के लिए दिग्गज नेताओं की नियुक्ति

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजस्थान प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस व सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज से चर्चा के बाद राजस्थान की 200 विधानसभा में संगठन को सशक्त बनाने, स्थानीय मुद्दों को पुरज़ोर तरीके से उठाने और एक सक्रिय विपक्ष की भूमिका अदा करने के लिए पार्टी के 10 वरिष्ठ नेताओं को सह प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है। पार्टी के अनुभवी नेताओं की सह प्रभारियों के रूप में नियुक्ति से राजस्थान में पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी, यह बात सह प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज ने कही है।

अनुभवी चेहरों को सौंपी गई राजस्थान की कमान

इन नियुक्तियों में पार्टी ने अपने कद्दावर चेहरों पर भरोसा जताया है। डॉ. दयानंद चंदेला राजौरी गार्डन से कई बार के विधायक रहे हैं, महेंद्र गोयल भी 2 बार रिठाला से विधायक रहे हैं, प्रवेश रत्न वर्तमान में पटेल नगर से विधायक है, विकास बग्गा कृष्णा नगर से MLA प्रत्याशी रहे हैं और उनके पिता स्वर्गीय एस के बग्गा 3 बार पार्टी के विधायक रहे हैं और नवीन चौधरी गांधी नगर विधानसभा से 2 बार पार्टी के विधायक प्रत्याशी रहे हैं। इसके साथ ही त्रिलोक दीप, सतपाल केम, संजय खिलवाड़िया, अशोक भारद्वाज और मास्टर मंजीत पार्टी के अनुभवी नेताओं के साथ MCD में पार्षद भी रहे हैं।

आगामी कार्ययोजना और धरातल पर रणनीति

आगामी कुछ दिनों में नवनियुक्त सभी सह प्रभारी जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर उन से हर विधानसभा का फीडबैक लेंगे और कार्य योजना बनायेंगे। प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को अपने जिले की सभी विधानसभाओं के सक्रिय कार्यकर्ताओं की लिस्ट बनाने का कार्य दिया गया है। अब बहुत शीघ्र आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़क पर आम आदमी के हक की आवाज़ बुलंद करते नज़र आयेंगे।

नेताओं के वक्तव्य

प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस ने स्पष्ट किया है कि "राजस्थान में आने वाले सभी चुनाव आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से लड़ेगी।" वहीं सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने विश्वास जताया है कि "पार्टी के अनुभवी नेताओं की सह प्रभारियों के रूप में नियुक्ति से राजस्थान में पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story