रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर यात्रियों को 3% की छूट, 31 मार्च 2027 तक बढ़ी सुविधा
उत्तर पश्चिम रेलवे ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए बढ़ाई छूट की अवधि, आर-वॉलेट पर कैशबैक लाभ भी रहेगा जारी।

रेलवन ऐप का इंटरफेस दिख रहा है जिसमें अनारक्षित और आरक्षित टिकट बुकिंग विकल्प उपलब्ध हैं।
भारतीय रेलवे का रेलवन मोबाइल ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने इस ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर मिलने वाली 3 प्रतिशत छूट की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। इससे स्मार्टफोन के जरिए टिकट बुक करने वाले यात्रियों को डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।
रेलवन ऐप की शुरुआत पिछले साल जुलाई में की गई थी। इसे यात्रियों के लिए वन स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में विकसित किया गया है। स्मार्टफोन रखने वाला कोई भी यात्री इस ऐप का आसानी से उपयोग कर सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, डिजिटल बुकिंग को प्रोत्साहित करने के लिए रेलवन ऐप पर उपलब्ध सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित रेलवे टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इस छूट की अवधि बढ़ाकर 31.03.2027 तक कर दी गई है।
यह छूट आर-वॉलेट को छोड़कर रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने और डिजिटल भुगतान करने पर लागू होगी। वहीं, रेलवन ऐप पर आर-वॉलेट के जरिए अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक देने की मौजूदा व्यवस्था 24.08.2028 तक जारी रहेगी।
रेलवे प्रशासन रेलवन ऐप के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया, जागरूकता अभियानों और रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को लगातार प्रेरित कर रहा है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक, तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अधिक से अधिक संख्या में रेलवन ऐप का उपयोग करने की अपील की है, ताकि डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग को बढ़ावा मिलने के साथ भारतीय रेलवे के डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने में भी योगदान मिल सके।

