डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल का कांग्रेस पर प्रहार, भाजपा संगठन विस्तार पर चर्चा
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस को आपसी कलह और प्रतिशोध की राजनीति करने वाली पार्टी बताया, साथ ही राजस्थान में नई सांगठनिक नियुक्तियों के संकेत दिए।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आज सांगठनिक गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने संगठन के कार्यों में कोई हस्तक्षेप नहीं किया है, बल्कि सभी पदाधिकारियों के संगठनात्मक योगदान की जानकारी लेते हुए उनसे परिचय प्राप्त किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक व्यक्ति के पास कार्य करने और आगे बढ़ने का समान अवसर उपलब्ध रहता है। उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर से लेकर जिला इकाइयों तक चलने वाले निरंतर अभियानों के कारण पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता कभी निष्क्रिय नहीं रहता और नियुक्तियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता के अनुरूप उसे जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की जो बातें कर रहे हैं, वे दरअसल उनके अपने कड़वे अनुभवों का निचोड़ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हमेशा आपसी मतभेद, आंतरिक संघर्ष और नेतृत्व के बीच टकराव की स्थिति बनी रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी अपने अंतर्विरोधों से जूझ रही है और इसी हताशा में आए दिन नया 'शास्त्र' रिलीज किया जा रहा है। डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय उपमुख्यमंत्री ही अपनी सरकार का बट्टा बैठाने में लगे थे, जबकि मुख्यमंत्री अपने ही उपमुख्यमंत्री के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां कर उन्हें दायित्व मुक्त कर रहे थे। उन्होंने कटाक्ष किया कि कांग्रेसी नेता द्वेष, विद्वेष, घृणा, संघर्ष, प्रतिरोध और बदले की भावना से भरे हुए हैं और आज वे जिस बंदूक का निशाना भाजपा पर साध रहे हैं, उसकी गोलियां वास्तव में उनके अपने ही नेताओं को लग रही हैं।
भाजपा की शक्ति का उल्लेख करते हुए प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसके करोड़ों समर्पित और निर्भीक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार हैं। जिलों में नियुक्तियों के संबंध में उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और शीघ्र ही नई नियुक्तियां की जाएंगी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान का समर्थन करते हुए डॉ. अग्रवाल ने उन्हें आज भी एक लोकप्रिय नेता बताया और कहा कि योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को ही नियुक्तियां मिलनी चाहिए। राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार के प्रश्न पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के पास अभी पर्याप्त समय है और सामूहिक निर्णय के आधार पर उचित समय पर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान मंत्रिमंडल का मुख्यमंत्री द्वारा निरंतर मूल्यांकन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर ही विस्तार का निर्णय लिया जाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
