जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत महिला आरक्षण संशोधन अधिनियम को पारित होने से रोका है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिलाओं के आरक्षण को केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि एक सैद्धांतिक विषय मानती है और वह महिलाओं को उनका हर अधिकार दिलाकर ही दम लेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना न तो देश के सर्वांगीण विकास की कल्पना की जा सकती है और न ही एक परिपक्व राजनीति की नींव रखी जा सकती है।

ऐतिहासिक संदर्भों को रेखांकित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं ने सदैव परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और राजनीति में अप्रतिम भूमिका निभाई है। उन्होंने नारायणी देवी वर्मा, जानकी देवी बजाज, हाड़ी रानी, रानी कर्णावती, रानी पद्मावती, पन्ना धाय और अमृता देवी बिश्नोई जैसी महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को जल्द से जल्द आरक्षण का लाभ देना चाहते थे, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसमें रोड़े अटकाए। उन्होंने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के विरोध में विपक्ष जिस तरह 'नंगा' होकर सामने आया है, उसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। वर्ष 2023 में मजबूरी में इस विधेयक का समर्थन करने वाला विपक्ष अब चुनाव दूर देख दक्षिण भारत की सीटों में कमी जैसे विभिन्न बहानों की आड़ में इसका विरोध कर रहा है।

डॉ. अग्रवाल ने विपक्षी गठबंधन पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे 'इंडी ठगबंधन' करार दिया और कहा कि यह कोई वैचारिक समूह नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी का विरोध करने के लिए बना एक अस्थायी और स्वार्थी मंच है। उन्होंने उदाहरण दिया कि जहां पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी कांग्रेस से अलग हैं, वहीं केरल में सीपीएम और कांग्रेस आमने-सामने संघर्षरत हैं। डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस, सपा, शिवसेना, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियों को परिवारवाद का पोषक बताते हुए कहा कि ये दल आंतरिक लोकतंत्र से शून्य हैं और अब इन्हें अपने राजनीतिक अस्तित्व के समाप्त होने का भय सता रहा है।

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा की उपलब्धियां गिनाते हुए डॉ. अग्रवाल ने वसुंधरा राजे को महिला सशक्तिकरण की जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे ने षड्यंत्रों के खिलाफ हमेशा मुखर होकर अपना पक्ष रखा है और राजस्थान के प्रशासनिक अधिकारियों को भी इस संबंध में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, चाहे दोषी किसी भी दल का क्यों न हो। उन्होंने रेखांकित किया कि भाजपा ने राजस्थान में न केवल प्रभावी महिला मुख्यमंत्री दी, बल्कि अब प्रभावी महिला उपमुख्यमंत्री भी बनाई है। साथ ही, उत्तर प्रदेश में मायावती का तीन बार समर्थन कर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने और दिल्ली में महिला नेतृत्व देने का कार्य भाजपा के स्पष्ट सिद्धांतों को दर्शाता है। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने अंत में दोहराया कि देश की जागरूक महिलाएं विपक्ष के इस दोहरे चेहरे को समझ चुकी हैं और समय आने पर इसका करारा जवाब देंगी।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story