जयपुर में जनसंपर्क और पत्रकारिता के विद्यार्थियों को इंडस्ट्री एक्सपोजर देने के लिए पीआरसीआई और पूर्णिमा यूनिवर्सिटी ने मिलाया हाथ।

जनसंपर्क, पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देते हुए पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पी.आर.सी.आई.) और पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में यंग कम्युनिकेटर्स क्लब (YCC) की स्थापना भी की जाएगी, जो विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड गतिविधियों और प्रोफेशनल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म से सीधे जोड़ेगा।

पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पी.आर.सी.आई.), जिसका मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है और जो देश का अग्रणी अखिल भारतीय कम्युनिकेशन एक्सचेंज मंच है, ने पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के साथ यह समझौता जनसंपर्क, पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्रों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, इंडस्ट्री इंटरैक्शन और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया है।

एमओयू पर 15 मई 2026 को पीआरसीआई जयपुर चैप्टर के चेयरमैन श्री सोमेन्द्र हर्ष और पूर्णिमा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. देवेन्द्र सोमवंशी ने औपचारिक हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मीडिया और शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें पीआरसीआई के सचिव श्री सनी कुलश्रेष्ठ, पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की प्रो. मंजरी राय, प्रो प्रेसिडेंट- FPA and FDA, तथा डॉ. जितेन्द्र शर्मा, डीन, फैकल्टी ऑफ डिजाइन आर्ट्स (FDA), प्रमुख रूप से शामिल रहे।

समझौते के तहत पीआरसीआई जयपुर चैप्टर के जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. राहुल बाबू कोडाली और पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की डॉ. आस्था सक्सेना, हेड, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग, को एमओयू का समन्वयक नियुक्त किया गया है।

इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों संस्थाओं के बीच शैक्षणिक और शोध संबंधों को मजबूत बनाना है, ताकि विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों और संचार क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। समझौते के अंतर्गत इंडस्ट्री विशेषज्ञों, शिक्षकों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, कंसल्टेंसी प्रोजेक्ट्स और पब्लिक रिलेशंस एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके अलावा दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से वर्कशॉप, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, संगोष्ठी, पीआर क्लब गतिविधियां, इवेंट मैनेजमेंट पहल और प्रकाशन संपादन परियोजनाओं का आयोजन करेंगी। पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में शोध प्रकाशनों, शैक्षणिक संसाधनों और व्यावसायिक विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को भी इस सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।

एमओयू की सबसे अहम विशेषता पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में यंग कम्युनिकेटर्स क्लब (YCC) की स्थापना है। यह क्लब विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त समन्वयक के मार्गदर्शन में संचालित होगा और विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल तथा इंडस्ट्री-केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से पीआरसीआई जयपुर चैप्टर की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जोड़ेगा।

दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का मार्ग खोलेगा और मीडिया एवं संचार क्षेत्र में इंडस्ट्री तथा अकादमिक जगत के संबंधों को और अधिक सशक्त बनाएगा। यह एमओयू प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे दोनों पक्षों की आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story