प्रयागराज-गांधीग्राम स्पेशल ट्रेन अब साबरमती तक चलेगी, रेलवे ने बदला रूट
गांधीग्राम स्टेशन पर प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य के कारण रेलवे ने प्रयागराज-गांधीग्राम द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को साबरमती तक विस्तारित किया है।

गांधीग्राम स्टेशन पर प्लेटफार्म कार्य के चलते पूर्व में संचालित प्रयागराज-गांधीग्राम-प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा अब प्रयागराज-साबरमती-प्रयागराज के रूप में संचालित की जाएगी। रेलवे ने इस बदलाव की अवधि और संचालन समय की जानकारी जारी की है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04179 प्रयागराज-साबरमती द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 03.10.26 से 28.11.26 तक प्रयागराज से प्रत्येक शनिवार एवं मंगलवार को 16.00 बजे रवाना होगी और बुधवार एवं शनिवार को 15.40 बजे साबरमती पहुंचेगी।
इसी प्रकार साबरमती-प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 04.10.26 से 29.11.26 तक साबरमती से प्रत्येक बुधवार एवं सोमवार को 17.45 बजे रवाना होगी और निर्धारित समय पर प्रयागराज पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, उपरोक्त रेलसेवा का फतेहपुर से महेसाना के मध्य संचालन समय गाड़ी संख्या 04111/04112 प्रयागराज-गांधीग्राम-प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के अनुसार ही रहेगा। इस तरह गांधीग्राम स्टेशन पर प्लेटफार्म कार्य के दौरान स्पेशल रेलसेवा का संचालन प्रयागराज से साबरमती और साबरमती से प्रयागराज के बीच किया जाएगा।

