प्रयागराज-असारवा स्पेशल ट्रेन शुरू, राजस्थान-गुजरात यात्रा होगी आसान
त्योहारी सीजन में भीड़ से राहत देने के लिए रेलवे ने प्रयागराज और असारवा के बीच छह फेरों वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

त्योहारी सीजन में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज-असारवा-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ की सुविधा मिलेगी और राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं गुजरात के प्रमुख शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। प्रयागराज से इस रेलसेवा का संचालन 21 अक्टूबर से और असारवा से 22 अक्टूबर से शुरू होगा। दोनों दिशाओं में छह-छह ट्रिप संचालित की जाएंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04165 प्रयागराज-असारवा साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक कुल छह ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को प्रयागराज से सुबह 5 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 04166 असारवा-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक कुल छह ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को असारवा से सुबह 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
प्रयागराज-असारवा स्पेशल ट्रेन का मार्ग में फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, फिरोजाबाद, टूण्डला, ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, हिण्डौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, केशोरायपाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, राणाप्रतापनगर, उदयपुर सिटी, जावर, सेमारी, डूंगरपुर, लुसाडिया और हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव होगा।
रेलवे के अनुसार, इस विशेष रेलसेवा में कुल 19 डिब्बे होंगे। इनमें पांच थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक गार्ड और एक पावरकार श्रेणी का डिब्बा शामिल है। त्योहारी अवधि में यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को देखते हुए इस रेलसेवा के संचालन से तीन राज्यों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

