जयपुर में 16 अक्टूबर को आयोजित होने वाला प्रवासी राजस्थानी संवाद राज्य सरकार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों के बीच संपर्क मजबूत करने का मंच बनेगा। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान एवं DoRA की ओर से झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश के चैप्टर प्रेसिडेंट्स और प्रवासी राजस्थानी (NRR) प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी और श्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर शहर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा तथा जयपुर के महापौर श्री सुनील कोठारी भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।

संवाद में राजस्थान फाउंडेशन के कई चैप्टर प्रेसिडेंट्स और प्रवासी राजस्थानी प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे, जबकि अन्य प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। देश-विदेश में फैले राजस्थान फाउंडेशन के 40 चैप्टर्स के नेटवर्क की भागीदारी से राज्य सरकार और प्रवासी राजस्थानी समुदाय के बीच सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।

DoRA के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देंगे। वह विषय की प्रस्तावना रखते हुए राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई नई पहलों और नीतियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही प्रवासी राजस्थानियों की ओर से किए गए कार्यों से भी अवगत कराएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में प्रवासी समुदाय और निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही समझौता ज्ञापनों (MoUs) को जमीनी स्तर पर तेजी से लागू करने से जुड़े प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रवासी राजस्थानी प्रतिनिधि राज्य में अपनी सामाजिक और आर्थिक सहभागिता बढ़ाने के संबंध में विचार और सुझाव साझा करेंगे। संवाद में राजस्थान के साथ बेहतर जुड़ाव स्थापित करने, निवेश को प्रोत्साहित करने, सहयोग बढ़ाने और राज्य के विकास में योगदान देने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

यह कार्यक्रम 10 दिसंबर, 2026 को आयोजित होने वाले 'प्रवासी राजस्थानी दिवस' के दूसरे संस्करण से पहले प्रवासी समुदाय के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाने की पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम से पहले 8 दिसंबर को शेखावाटी हैरिटेज मीट और 9 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रवासी राजस्थानी संवाद के माध्यम से राज्य सरकार और विदेशों सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे राजस्थानी समुदाय के बीच नियमित और संस्थागत जुड़ाव को मजबूत करने के साथ निवेश, सहयोग और सामाजिक-आर्थिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

Next Story