राजस्थान की विकास यात्रा में प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें अपनी जन्मभूमि की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत 8 दिसंबर को झुंझुनूं में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित होगी, जबकि 9 और 10 दिसंबर को जयपुर में सांस्कृतिक संध्या और मुख्य कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। प्रवासी राजस्थानी दिवस उनके लिए अपनी जन्मभूमि से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश में रहने वाले राजस्थानियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और निवेश की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की हवेलियां राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध कला-संस्कृति और स्थापत्य की पहचान हैं। इन्हें वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

इसी उद्देश्य से प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट से होगी। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन से सीकर, झुंझुनूं और चूरू के प्रमुख प्रवासी राजस्थानियों, उद्योगपतियों और हवेली मालिकों को जोड़ने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसके बाद 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में प्रवासी राजस्थानी दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा।

मुख्यमंत्री ने आयोजन में देश-विदेश के विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही सभी तैयारियां और व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के साथ शेखावाटी की हवेलियों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन पहचान दिलाने तथा राजस्थान में निवेश की संभावनाओं से परिचित कराने पर जोर रहेगा।

Next Story