प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026: जयपुर में होगा आयोजन, पंजीकरण शुरू
जयपुर के जेईसीसी में 10 दिसंबर को होने वाले इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है, जिसमें उद्योग जगत के दिग्गज और निवेशक हिस्सा लेंगे।

जयपुर में 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के दूसरे संस्करण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (JECC) में होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों के साथ उद्योग जगत के अग्रणी, निवेशक, सरकारी अधिकारी, पेशेवर, उद्यमी, युवा और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख हितधारक एक मंच पर जुटेंगे। इसका उद्देश्य राजस्थान सरकार और प्रवासी राजस्थानी समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करना तथा राज्य की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी, सहयोग और योगदान के अवसर बढ़ाना है।
राजस्थान सरकार की ओर से प्रवासी राजस्थानी दिवस की शुरुआत राज्य और देश-विदेश में बसे प्रवासी समुदाय के बीच जुड़ाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई थी। इस मंच के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसका पहला संस्करण 10 दिसंबर, 2025 को जेईसीसी में आयोजित हुआ था, जिसमें भारत और विदेशों से लगभग 5,000 प्रवासी राजस्थानियों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।
वर्ष 2026 के दूसरे संस्करण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 11 अक्टूबर, 2026 से शुरू हो गया है। इच्छुक प्रतिनिधि राजस्थान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://rising.rajasthan.gov.in/pravasi-divas/registration के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजन में राजस्थान से जुड़े या राज्य के विकास में रुचि रखने वाले विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों को सार्थक संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों को सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही नेटवर्किंग, संभावित सहयोग और नई साझेदारियों की संभावनाओं पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के अनुभव, ज्ञान, विशेषज्ञता और विचारों को साझा करने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और अन्य हितधारक प्रमुख क्षेत्रों में उभरते अवसरों, निवेश की संभावनाओं तथा सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा और खान जैसे विषयों पर सत्र आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त ‘प्रवासी राजस्थानी’ सत्र भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
यह आयोजन केवल प्रवासी राजस्थानियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें व्यवसाय जगत के अग्रणी निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों, उद्यमियों, पेशेवरों, स्टार्टअप्स, युवाओं, नवाचारकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र के संगठनों सहित व्यापक हितधारक समूह को भागीदारी का अवसर मिलेगा। संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से ज्ञान, विशेषज्ञता और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, साझेदारियों और राजस्थान की विकास यात्रा में व्यापक भागीदारी के नए अवसर तलाशे जाएंगे।
आगामी आयोजन को लेकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल ने कहा, “प्रवासी राजस्थानी दिवस राजस्थान और उसके लोगों के बीच अटूट संबंधों की अभिव्यक्ति है। इस दूसरे संस्करण का उद्देश्य सार्थक संवाद, सहयोग और योगदान के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है। हम प्रवासी राजस्थानियों, युवा प्रोफेशनल्स्, उद्यमियों, कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों और राजस्थान से जुड़ाव महसूस करने वाले प्रत्येक स्टेकहोल्डर को आमंत्रित करते हैं कि वे इस आयोजन में भाग लें और राज्य की विकास यात्रा के सहभागी बनें।”
राजस्थान और उसके व्यापक समुदाय के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 आपसी जुड़ाव को सहयोग में बदलने और विचारों के माध्यम से नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करने पर केंद्रित रहेगा। इसका दूसरा संस्करण 10 दिसंबर, 2026 को जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक प्रतिनिधि ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए राजस्थान सरकार के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) और राजस्थान फाउंडेशन, योजना भवन से संपर्क किया जा सकता है।

