जयपुर। राजस्थान के विकास में प्रवासी समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और राज्य के साथ उसके संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 का दूसरा संस्करण 10 दिसंबर, 2026 को जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 11 अक्टूबर, 2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इसमें भारत और दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानी (NRRs), कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के अग्रणी, निवेशक, उद्यमी, प्रोफेशनल्स, युवा और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख हितधारक भाग लेंगे।

प्रवासी राजस्थानी दिवस की शुरुआत राजस्थान सरकार ने राज्य और देश-विदेश में बसे प्रवासी समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से की थी। इस मंच के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की विकास यात्रा से जुड़ने, सहयोग करने और योगदान देने का अवसर प्रदान किया जाता है। इसका पहला संस्करण 10 दिसंबर, 2025 को जेईसीसी में आयोजित हुआ था, जिसमें भारत और विदेशों से लगभग 5,000 प्रवासी राजस्थानियों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।

वर्ष 2026 के आयोजन की परिकल्पना सार्थक संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के मंच के रूप में की गई है। इसमें राजस्थान से जुड़े अथवा राज्य के विकास में रुचि रखने वाले विभिन्न क्षेत्रों के हितधारक एक साथ आएंगे। प्रतिभागियों को सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही नेटवर्किंग और संभावित सहयोग के नए अवसर तलाशने पर भी जोर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और अन्य हितधारक प्रमुख क्षेत्रों में उभरते अवसरों, निवेश की संभावनाओं और सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे। पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा और खनन जैसे विषयों पर सत्र आयोजित होंगे। इनके साथ ‘प्रवासी राजस्थानी’ सत्र भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।

यह आयोजन केवल प्रवासी राजस्थानियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें व्यवसाय जगत के अग्रणी निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स, युवाओं, नवाचारकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र के संगठनों सहित व्यापक हितधारक समूह को भागीदारी का अवसर मिलेगा। संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से ज्ञान, विशेषज्ञता और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, साझेदारियों के विकास और राजस्थान की विकास यात्रा में व्यापक भागीदारी के नए अवसर तलाशे जाएंगे।

आगामी आयोजन को लेकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल ने कहा, “प्रवासी राजस्थानी दिवस राजस्थान और उसके लोगों के बीच अटूट संबंधों की अभिव्यक्ति है। इस दूसरे संस्करण का उद्देश्य सार्थक संवाद, सहयोग और योगदान के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है। हम प्रवासी राजस्थानियों, युवा प्रोफेशनल्स, उद्यमियों, कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों और राजस्थान से जुड़ाव महसूस करने वाले प्रत्येक स्टेकहोल्डर को आमंत्रित करते हैं कि वे इस आयोजन में भाग लें और राज्य की विकास यात्रा के सहभागी बनें।”

राजस्थान सरकार का यह आयोजन राज्य और उसके व्यापक समुदाय के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने के साथ आपसी जुड़ाव को सहयोग में बदलने तथा नए विचारों के माध्यम से अवसरों के रास्ते खोलने का मंच बनेगा। 10 दिसंबर, 2026 को जयपुर के जेईसीसी में होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस के लिए इच्छुक प्रतिनिधि ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

Next Story