जयपुर, 27 सितंबर। अवैध खनन रोकने के दौरान रेंजर प्रतापसिंह चूंडावत की डंपर से कुचलकर हत्या के मामले में छोटी सादड़ी पुलिस ने अवैध खनन में संलिप्त पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जेसीबी एवं ट्रैक्टर मालिक, जेसीबी चालक, ट्रैक्टर चालक तथा अवैध खनन कर मिट्टी भरवाने वाला आरोपी शामिल है। पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं वृत्ताधिकारी छोटी सादड़ी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कैलाशचंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना 21 सितंबर 2026 की रात की है। वनखंड सुक्कड़, मोहनपुरा तलाई के पास अवैध खनन की सूचना मिलने पर रेंजर प्रतापसिंह चूंडावत वन विभाग के जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर से खनन किया जा रहा था। टीम ने वाहनों को रुकवाया तो अवैध खननकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौच, धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा डाली गई।

इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर मौके से भाग निकला। रेंजर प्रतापसिंह ने उसका पीछा किया। पुलिस के अनुसार, घाटी वाले बालाजी मंदिर रोड पर डंपर को रोकने के दौरान चालक ने जानबूझकर रेंजर के ऊपर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी हत्या हो गई। घटना के संबंध में 22 सितंबर को वनरक्षक सुरेश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। 25 सितंबर को मुख्य आरोपी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा (22) को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल जेसीबी और ट्रैक्टर के मालिक सहित खनन गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की भूमिका चिन्हित की।

इसके बाद रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहनपुरा निवासी जेसीबी एवं ट्रैक्टर मालिक प्रकाश धाकड़ (42), जेसीबी चालक हरिश धाकड़ (19), पीथलवाड़ी खुर्द निवासी ट्रैक्टर चालक विक्रम मोग्या (18), अवैध खनन कर मिट्टी भरवाने वाला दिनेश मोग्या (34) तथा अखेपुर कालाखेत निवासी जेसीबी चालक नारायण मीणा (25) शामिल है।

पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अनुसंधान जारी है।

Next Story