प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निवारण और राहत पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा के कुशल मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल तथा समस्त थानाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस टीमों ने तकनीकी और विधिक प्रयासों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए कुल 121 मोबाइल हैंडसेट बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की महत्वपूर्ण तकनीकी सहायता ली गई।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने इस रिकवरी के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर साइबर सेल द्वारा सभी मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों को सीईआईआर पोर्टल पर सर्विलांस एवं ट्रैकिंग के लिए सक्रिय किया गया था। पोर्टल से प्राप्त सटीक तकनीकी इनपुट के आधार पर थानाधिकारियों ने त्वरित फील्ड एक्शन लेते हुए रिकॉर्ड समय में सभी 121 मोबाइलों का पता लगाया और उन्हें बरामद किया।

मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी के बाद जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं विभिन्न थाना स्तरों पर विशेष मोबाइल सुपुर्दगी कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस द्वारा फोन कर बुलाए गए सभी मूल मोबाइल स्वामियों एवं प्रार्थियों को विधिवत सत्यापन के बाद उनके गुमशुदा हैंडसेट पूरी गरिमा के साथ सुपुर्द किए गए।

कई महीनों से अपने मोबाइलों के खो जाने से परेशान नागरिकों को जब उनके उपकरण और उनमें सुरक्षित डेटा वापस मिला तो उनके चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। कई प्रार्थियों ने भावुक होकर पुलिस के इस जनहितैषी और त्वरित कार्य की सराहना की। यह कार्रवाई न केवल तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण बनी, बल्कि पुलिस-जन सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भी सामने आई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story