प्रतापगढ़ पुलिस की कार्रवाई: नशा तस्कर शोयब खान का 70 लाख का मकान फ्रीज
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ में कार्रवाई, ब्राउन शुगर और एमडी की अवैध कमाई से देवल्दी में बनाया था मकान; फरार आरोपी की तलाश जारी।

मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आरोपी शोयब खान का करीब 70 लाख रुपये मूल्य का आलीशान मकान फ्रीज करवा दिया। अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी गांव में स्थित इस मकान को ब्राउन शुगर और एमडी की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से बनाया गया था। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक सफेमा, नई दिल्ली की ओर से 20 नवंबर 2026 को संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि किए जाने के बाद 21 नवंबर को पुलिस ने मकान पर फ्रीजिंग बोर्ड लगा दिया।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और अरनोद वृत्ताधिकारी चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवल्दी निवासी शोयब खान लंबे समय से ब्राउन शुगर और एमडी जैसे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी में लिप्त है। इस अवैध कारोबार से उसने संपत्ति अर्जित की है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की वित्तीय जांच कर उसकी चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित किया। जांच में सामने आया कि देवल्दी गांव की आबादी भूमि पर स्थित करीब 70 लाख रुपये बाजार मूल्य का आलीशान मकान मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से बनाया गया था।
इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत संपत्ति फ्रीज करने का आदेश तैयार कर 26 अक्टूबर 2026 को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक सफेमा, नई दिल्ली को भेजा। मामले में सुनवाई के बाद 20 नवंबर 2026 को प्राधिकारी ने संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी। इसके अनुपालन में 21 नवंबर को अरनोद थाना पुलिस ने मकान पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर उसे फ्रीज कर दिया।
शोयब खान के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के मामले भी दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2019 को धोलापानी थाना पुलिस ने उसके कब्जे से 230 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर उसे गिरफ्तार किया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
वहीं, 25 जुलाई 2026 को अरनोद थाना पुलिस ने भावगढ़ फंटे पर नाकाबंदी के दौरान मेहमूद खान निवासी भावगढ़, जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश को 12 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मेहमूद खान ने बताया कि वह एमडी शोयब खान से खरीदकर लाया था। इस मामले में शोयब खान फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शोयब खान के खिलाफ वर्ष 2013 से 2026 तक अरनोद, प्रतापगढ़ और धोलापानी थानों में कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, राजकार्य में बाधा, अवैध हथियार, उद्यापन तथा ब्राउन शुगर एवं एमडी की तस्करी से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी मामलों में न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है और प्रकरण विचाराधीन हैं।
इस कार्रवाई में अरनोद थाना पुलिस के साथ जिला पुलिस कार्यालय की टीम ने भी सहयोग किया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी शिवलाल मीणा, उप निरीक्षक प्रेमलाल, अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभुराम तथा कांस्टेबल हनुमान, मुकेश कुमार, पांचूराम, दलीप कुमार, लक्ष्मण सिंह, दीपक कुमार और आशीष कुमार शामिल रहे। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 70 लाख रुपये की संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज कर दिया है, जबकि आरोपी शोयब खान की तलाश जारी है।

