प्रतापगढ़: तस्कर रसीद खान की 3.92 करोड़ की संपत्ति सीज
एनडीपीएस एक्ट के तहत ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई, देवल्दी गांव में आलीशान मकान और दो मोटरसाइकिलें की गईं जब्त।

प्रतापगढ़ में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत तस्कर रसीद खान के मकान पर चस्पा फ्रीजिंग का बोर्ड।
प्रतापगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध कमाई करने वाले अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी रसीद खान की करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत की गई इस कार्रवाई में गांव देवल्दी स्थित उसका आलीशान दो मंजिला मकान, चारदीवारी सहित भूमि और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली ने 9 नवंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद 11 नवंबर को पुलिस थाना अरनोद की टीम ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग संबंधी सूचना बोर्ड लगाए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और वृत्ताधिकारी अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में की गई। थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा ने आरोपी की अवैध संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान कर फ्रीजिंग प्रस्ताव तैयार किया और आवश्यक दस्तावेज सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजे। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की गई।
जांच में सामने आया कि रसीद खान गुजरात और राजस्थान में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के दो मामलों से जुड़ा हुआ है। गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन में 5 अगस्त 2025 को आरोपी जावेद उमरभाई मेवाती निवासी अहमदाबाद को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 117.690 ग्राम एमडी, 49.890 ग्राम गांजा, 7 लाख 18 हजार 650 रुपये नकद और एक वैगनआर कार जब्त की गई थी।
इस मामले के अनुसंधान में पता चला कि जब्त की गई एमडी और गांजे की खेप रसीद खान पुत्र जलाल खान पठान निवासी देवल्दी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ ने उपलब्ध करवाई थी। इसके आधार पर पुलिस ने रसीद खान को 21 मई 2026 को गिरफ्तार किया। अनुसंधान पूरा होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वर्तमान में आरोपी गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल, अहमदाबाद में बंद है।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि रसीद खान लंबे समय से ब्राउन शुगर, एमडी सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। उसने इस अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि से कम समय में गांव देवल्दी में आलीशान मकान बनवाया था। इसके अलावा उसने दो मोटरसाइकिलें अपने विश्वासपात्र परिचितों के नाम पर खरीदी थीं, लेकिन उनका उपयोग और कब्जा स्वयं के पास रखा हुआ था।
इस सूचना के आधार पर पुलिस थाना अरनोद ने आरोपी की चल और अचल संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। जांच में सामने आया कि संबंधित संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई थीं। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीजिंग प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया।
पुलिस ने गांव देवल्दी की आबादी भूमि पर निर्मित दो मंजिला आलीशान मकान और चारदीवारी सहित भूमि को फ्रीज किया है। इसका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये आंका गया है। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन नंबर RJ35SM6219 वाली सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और रजिस्ट्रेशन नंबर RJ35SM2555 वाली एक्सपल्स 200 मोटरसाइकिल भी फ्रीज की गई हैं। दोनों मोटरसाइकिलों का कुल वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2 लाख रुपये है। इस तरह फ्रीज की गई सभी संपत्तियों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये है।
रसीद खान के विरुद्ध राजस्थान और गुजरात में मादक पदार्थ तस्करी के दो प्रकरण दर्ज हैं। गुजरात के गांधीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में 117.690 ग्राम एमडी और 49.890 ग्राम गांजा जब्त किया गया था। वहीं, पुलिस थाना प्रतापगढ़ में दर्ज प्रकरण संख्या 345/2025 में 96 ग्राम एमडी और 150 ग्राम केमिकल (टांका) जब्त किया गया था। इस प्रकरण में आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
कार्रवाई में थानाधिकारी अरनोद शिवलाल मीणा, उप निरीक्षक प्रेमलाल एवं अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभुराम, पंकज कुमार एवं बापूलाल तथा कांस्टेबल श्री हनुमान एवं मुकेश कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतापगढ़ पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई लगातार कर रही है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों को तस्करी से अर्जित संपत्ति का लाभ लेने से रोकना और उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।

