प्रतापगढ़ पुलिस ने महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संगठित अपराधियों और उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अरनोद थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह राजपूत के सरकारी भूमि पर बने अवैध फार्म हाउस को जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 07 अगस्त को की गई।

प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक विशाल जाँगिड ने बताया कि जिले में अपराधियों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा उनके द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चंद्रोखर पालीवाल के निर्देशन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।



पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर लालसिंह पुत्र रूपसिंह राजपूत निवासी रीछा के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में कुल 16 से अधिक गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, लड़ाई-झगड़ा, मादक पदार्थ की तस्करी, अवैध फायर आर्म्स, एससी/एसटी एक्ट तथा राजकार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी हाल ही में मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में मंदसौर जेल से जमानत पर बाहर आया था।

जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि आरोपी ने नौगावां से पडुनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर रीछा गांव स्थित सरकारी चरनोट (चारागाह) भूमि पर अवैध रूप से पक्का फार्म हाउस बनाकर कब्जा कर रखा था। पुलिस की ओर से पत्राचार किए जाने के बाद तहसीलदार अरनोद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए।

इसके बाद शुक्रवार 07 अगस्त को तहसीलदार अरनोद की मौजूदगी में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अवैध फार्म हाउस को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के साथ कोटड़ी, सालमगढ़, धमोतर, हथुनिया, रंठाजना एवं महिला थाना प्रतापगढ़ का पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा।

पुलिस अधीक्षक विशाल जाँगिड ने कहा कि आगामी दिनों में भी मादक पदार्थ तस्करों और गंभीर अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें कुर्क करने तथा ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story