ऑपरेशन त्रिनेत्र: प्रतापगढ़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह राजपूत के अवैध फार्म हाउस पर चला बुलडोजर
प्रतापगढ़ में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह राजपूत के सरकारी भूमि पर बने अवैध फार्म हाउस पर बुलडोजर चला, जानिए पूरी कार्रवाई।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संगठित अपराधियों और उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए अरनोद थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह राजपूत के सरकारी भूमि पर बने अवैध फार्म हाउस को जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया।
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने बताया कि जिले में अपराधियों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा उनके द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चंद्रोखर पालीवाल के निर्देशन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर लालसिंह पुत्र रूपसिंह राजपूत निवासी रीछा के विरुद्ध राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, लड़ाई-झगड़ा, मादक पदार्थ तस्करी, अवैध फायर आर्म्स, एससी/एसटी एक्ट के प्रकरण तथा राजकार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी हाल ही में मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में मंदसौर जेल से जमानत पर बाहर आया था।
जांच के दौरान पुलिस के समक्ष यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने नौगावां से पडुनी जाने वाले मुख्य मार्ग पर रीछा गांव स्थित सरकारी चरनोट (चारागाह) भूमि पर अवैध रूप से पक्का फार्म हाउस बनाकर कब्जा कर रखा था। पुलिस की ओर से पत्राचार किए जाने के बाद तहसीलदार अरनोद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए।
शुक्रवार, 07 अगस्त को तहसीलदार अरनोद की मौजूदगी में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध फार्म हाउस को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के साथ कोटड़ी, सालमगढ़, धमोतर, हथुनिया, रंठाजना तथा महिला थाना प्रतापगढ़ का पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा।
एसपी विशाल जांगिड़ ने कहा कि आगामी दिनों में भी मादक पदार्थ तस्करों और गंभीर अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें कुर्क करने तथा ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह कार्रवाई जिले में संगठित अपराध और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
