ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्कर की आलीशान मकान और कृषि भूमि को कुर्क कर कानूनी कार्रवाई की।

। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात तस्कर शोयब मंसूरी द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित किए गए करीब ढाई करोड़ रुपये के काले साम्राज्य को ध्वस्त करते हुए उसकी चल-अचल संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ(1) के तहत फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र के माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।

यह संपूर्ण मामला 09 अक्टूबर 2024 को चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में हुई उस कार्रवाई से जुड़ा है, जब पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आई-20 कार से 03 किलो 420 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की थी। उस समय जोधपुर निवासी आरोपी रोशनलाल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मुख्य सप्लायर शोयब मंसूरी का सुराग मिला था। लंबी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस के बाद हथुनिया थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी शोयब मंसूरी को 25 अप्रैल 2026 को धर दबोचा।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर एक विशेष टीम ने शोयब मंसूरी के वित्तीय नेटवर्क की गोपनीय जांच शुरू की। इस जांच में सामने आया कि तस्कर ने अफीम, डोडाचूरा, एमडीएमए और ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी से अकूत संपत्ति जुटाई थी। उसने कानून की नजरों से बचने के लिए अपने परिवार को ढाल बनाया और करोड़ों की संपत्ति अपनी मां शेरबानो और पत्नी नाज़मीन के नाम पर खरीद ली। जांच में असावता गांव में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बना एक आलीशान मकान और ग्राम रामगढ़ में करीब एक करोड़ रुपये की कुल 2.59 हेक्टेयर कृषि भूमि चिन्हित की गई।

पुलिस ने इन अवैध संपत्तियों को जब्त करने के लिए पुख्ता प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी (सफेमा), नई दिल्ली को भेजा था, जिसे स्वीकृति मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। गुरुवार, 11 जून को हथुनिया थानाधिकारी उदयवीर सिंह की अगुवाई में पुलिस बल ने तस्कर के आलीशान मकान और खेतों पर पहुंचकर सफेमा व एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीजिंग नोटिस के बोर्ड चस्पा कर दिए। अब इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त और उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है, साथ ही राजस्व विभाग को भी इससे अवगत करा दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शोयब मंसूरी एक शातिर आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध देश की विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों और अलग-अलग जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 06 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रतापगढ़ पुलिस मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को नेस्तनाबूद करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story