जयपुर, 08 अप्रैल। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रति वर्ष सभी लाइन विभागों, सेवा प्रदाताओं और सहयोगी संस्थाओं के साथ समन्वय से पोषण पखवाड़ा मनाया जाता है, जिससे समग्र रूप से पोषण संबंधी परिणामों में सुधार किया जा सके। इसी कड़ी में राष्ट्रीय पोषण अभियान अंन्तर्गत गुरुवार, 09 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक "अष्टम पोषण पखवाड़ा" शुरू होगा।

मस्तिष्क विकास और जन आंदोलन पर जोर

आई सी डी एस निदेशालय की अतिरिक्त निदेशक अनुपमा टेलर ने बताया कि उक्त क्रम में अष्टम पोषण पखवाड़ा-2026 देशभर में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पोषण पखवाड़ा की मुख्य थीम 'जीवन के प्रथम 06 वर्षों में अधिकतम मस्तिष्क विकास" (Maximizing Brain Development in the First Six Years of Life) रखी गई है। इस विशेष आयोजन के माध्यम से पोषण पखवाड़ा जन आंदोलन को सशक्त बनाने तथा परिवार और समुदाय में बच्चों के स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़ी जागरूकता को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

निर्धारित मुख्य गतिविधियां और पांच महत्वपूर्ण थीम

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्तमान पोषण पखवाडा-2026 के दौरान मुख्य रूप से 5 गतिविधियां थीम निर्धारित की गई हैं। इसमें पहली थीम मातृ एवं शिशु पोषण है, जबकि दूसरी थीम मस्तिष्क विकास के लिए प्रारंभिक प्रोत्साहन (0-3 वर्ष) पर आधारित है। तीसरी थीम के रूप में प्रारंभिक वर्षों में खेल-आधारित शिक्षा (3-6 वर्ष) को शामिल किया गया है। चौथी थीम स्क्रीन टाइम कम करने में माता-पिता और समुदाय की भूमिका पर केंद्रित है और पांचवीं थीम सक्षम आंगनबाड़ियों के लिए सामुदायिक समर्थन सुनिश्चित करना है।

सफलता हेतु विभागीय दिशा-निर्देश और प्रबंधन

उपरोक्त थीम आधारित विषय बिन्दुओं के अनुसार विभिन्न विभागों के द्वारा अभिसरण गतिविधियाँ आयोजित की जानी हैं। शासन सचिव महिला एवं बाल विकास राजस्थान सरकार श्रीमती पूनम द्वारा उक्त सम्बन्ध में समस्त जिला कलेक्टर एवं निदेशक समेकित बाल विकास सेवाएं राजस्थान श्री वासुदेव मालावत द्वारा समस्त उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग व बाल विकास परियोजना अधिकारी को पत्र लिख पोषण पखवाड़े के सफलता पूर्वक आयोजित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। इन निर्देशों में अभियान के दौरान विभिन्न विभागों से अभिसरण कर गतिविधि कलेण्डर के अनुसार गतिविधियाँ आयोजित किये जाने एवं जन आंदोलन डैशबोर्ड पर प्रतिदिन की प्रविष्टियां दर्ज करवाये जाने की बात कही गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story