राजस्थान पुलिस शहीद दिवस: 154 जवानों के बलिदान को नमन, डीजीपी ने दी श्रद्धांजलि
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया और अकादमी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ।

जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित पुलिस शहीद दिवस समारोह के दौरान डीजीपी राजीव कुमार शर्मा स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए।
जयपुर में बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस ने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजस्थान पुलिस अकादमी स्थित पुलिस शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित समारोह में महानिदेशक पुलिस, राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर नमन किया और स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद किया।
समारोह में सेवानिवृत्त महानिदेशक पुलिस श्री कपिल गर्ग, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री राघवेन्द्र सुहासा, सेवानिवृत्त उप निरीक्षक श्री मांगूसिंह शेखावत, संयुक्त निदेशक आसूचना ब्यूरो श्री रमाकांत गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राष्ट्रीय जांच एजेंसी श्री रवि चौधरी, अकादमी निदेशक श्री संजीव कुमार नार्जरी और जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने भी शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद करने और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर है। यह दिवस पुलिस की उच्चतम परंपराओं और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
श्री शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में हर वर्ष पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान 154 पुलिसकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। समारोह में पुलिस के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में डीजीपी श्री शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं से संवाद किया और उन्हें सामाजिक सरोकारों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर में कुल 49 यूनिट रक्तदान हुआ।
इसके अतिरिक्त, महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति पुलिस स्मारक पर भी पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर डीजीपी कानून-व्यवस्था श्री संजय अग्रवाल, जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल, डीआईजी श्री कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और सेवा की परंपरा को स्मरण किया गया।

