प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना: जयपुर में दो दिवसीय राज्य-स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन
एमएसएमई मंत्रालय द्वारा आयोजित इस मेले में राजस्थान के शिल्पकारों के उत्पादों का प्रदर्शन और डिजिटल मार्केटिंग व ब्रांडिंग पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य-स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक श्री गोपाल शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथि।
कार्यक्रम का आयोजन और उद्घाटन
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अन्तर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, जयपुर द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों हेतु, आयुक्त उद्योग एवं वाणिज्य संस्थान, राजस्थान के सहयोग से दो दिवसीय "राज्य-स्तरीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले" का आयोजन 07.02.2026 से 08.02.2026 तक शिल्पग्राम, जवाहर कला केंद्र, जयपुर में किया जा रहा है।
- मुख्य अतिथि: श्रीमती मंजू शर्मा, सांसद, जयपुर
- कार्यक्रम अध्यक्ष: श्री गोपाल शर्मा, विधायक, सिविल लाइन्स, जयपुर
कार्यक्रम का शुभारंभ 7 फरवरी, 2026 को प्रातः 11:00 बजे मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू शर्मा द्वारा किया गया।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में राजस्थान की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के कार्यान्वयन में राजस्थान, देश में दूसरा अग्रणी राज्य है। विश्वकर्मा लाभार्थियों को ऋण देने तथा टूलकिट वितरण में भी राजस्थान, देश में दूसरे स्थान पर है। इसके साथ ही कारीगरों को प्रशिक्षण प्रदान करने में राज्य तीसरे स्थान पर है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य एवं सहभागिता
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य राज्य भर के कारीगरों और शिल्पकारों के असाधारण कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करना है। इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से कारीगरों एवं उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन अलग-अलग स्टाल्स पर किया। भारी संख्या में लोगों ने विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया एवं बढ़-चढ़ कर खरीदारी की।
अतिथियों के संबोधन और प्रेरणा
उद्घाटन सत्र में अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के विषय में वक्तव्य दिए गए, जिसमें उन्होंने राजस्थान राज्य में इस योजना के सफल कार्यान्वयन को सराहा।
"जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित इस दो दिवसीय 'राज्य-स्तरीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले' में आए सभी उद्यमियों, विशेषरूप से युवा उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और कहा, कि आज युवा केवल नौकरी की तलाश नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने उद्यमों के माध्यम से दूसरों को भी नौकरी के अवसर प्रदान कर रहे हैं।"
तकनीकी सत्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम (प्रथम दिन)
कार्यक्रम का प्रथम तकनीकी सत्र दोपहर 02:00 बजे से आरंभ हुआ, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर जानकारी दी गई:
- डिजिटल मार्केटिंग
- पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग
- उत्पादों और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन
कार्यक्रम में शाम 05:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
द्वितीय दिन की रूपरेखा (8 फरवरी, 2026)
कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत, 8 फरवरी, 2026 को प्रातः 11:00 बजे द्वितीय तकनीकी सत्र से होगी। इस सत्र में मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इसका उद्देश्य है कि:
- विश्वकर्मा योजना लाभार्थी व्यवसाय के नए अवसर तलाश सकें।
- संभावित ग्राहकों, खरीददारों और उद्योग विशेषज्ञों से जुड़ सकें।
शाम 05:00 से 07:00 बजे तक फैशन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्वकर्मा उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
