जयपुर नगर निगम: पीएम स्वनिधि योजना 2.0 के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा 90 हजार तक ऋण
नगर निगम जयपुर द्वारा विशेष शिविरों के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने हेतु तीन चरणों में बिना गारंटी सस्ता ऋण और ब्याज सब्सिडी दी जा रही है।

जयपुर। कार्यालय नगर निगम जयपुर, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय भवन, लालकोठी, टोंक रोड़ के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के क्रियान्वयन को लेकर विशेष तत्परता दिखाई जा रही है। नगर निगम द्वारा योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों से आवेदन भरवाए जाने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस मुहिम के तहत नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर बाजारों और सड़कों के किनारे बैठने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को आवेदन के लिए प्रेरित कर रही हैं। नए आवेदन प्राप्त करने और लंबित आवेदनों की ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने हेतु जोनवार विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। अब तक की प्रगति के अनुसार, नगर निगम जयपुर ने प्रथम चरण में 38,491, द्वितीय चरण में 11,457 और तृतीय चरण में 1,660 स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित कर सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
इस महत्वाकांक्षी योजना की रूपरेखा के अनुसार, पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के तीन चरणों में कुल 90 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये और तृतीय चरण में 50 हजार रुपये की ऋण राशि निर्धारित की गई है। यह ऋण न केवल सस्ती ब्याज दरों पर उपलब्ध है, बल्कि समय पर भुगतान करने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए योजना में कैशबैक की सुविधा भी समाहित की गई है, जिससे वेंडर्स डिजिटल लेनदेन के प्रति आकर्षित हो सकें। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य दस्तावेज हैं। इच्छुक पात्र व्यक्ति नगर निगम मुख्यालय अथवा संबंधित जोन मुख्यालय पर संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी और आवेदन सहायता हेतु विभिन्न जोन के संपर्क सूत्र जारी किए गए हैं, जिनमें मालवीय नगर जोन हेतु 9511500260, सांगानेर 9587286143, झोटवाड़ा/वैशाली नगर 9649858998, मानसरोवर 9351562862, मुरलीपुरा 7877513991, विद्याधर नगर 7023076222, आदर्श नगर 9694320391, किशनपोल 9351512183, सिविल लाईन 9166232814 और हवामहल-आमेर जोन हेतु 8690091314 पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम की यह सक्रियता न केवल वेंडर्स के जीवन स्तर को ऊंचा उठाएगी, बल्कि स्थानीय व्यापारिक ढांचे को भी सुदृढ़ आधार प्रदान करेगी।

