प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नव नियुक्त युवाओं को देशभर में 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जयपुर में रोजगार मेले का आयोजन कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में किया गया। यहां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्र सेवा में समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।



कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लगभग 51 हजार अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार में रहते हुए नवनियुक्त युवाओं को हर वह निर्णय लेना है, जो विकसित भारत के अभियान और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे। उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते विशेष रूप से अन्य युवाओं के प्रति उनकी विशेष जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने सरकारी सेवा के लिए ‘नागरिक देवो भव’ को मंत्र बताते हुए कहा कि नागरिक की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है। उन्होंने कहा कि सफलता तब और बड़ी होगी, जब उनके काम से किसी नागरिक का जीवन आसान होगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त अभ्यर्थी जहां भी रहेंगे और जिस भी विभाग में रहेंगे, वहां कर्तव्य और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

जयपुर में आयोजित रोजगार मेले का आयोजन केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क की प्रधान आयुक्त सुश्री अमिता सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में सीजीएसटी और अन्य केंद्रीय विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

जयपुर से विभिन्न केंद्रीय सरकार के विभागों के 140 अभ्यर्थियों ने रोजगार मेले में प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि 138 अभ्यर्थी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। देशभर में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से केंद्र सरकार में नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए और प्रधानमंत्री ने उन्हें राष्ट्र सेवा तथा विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

Next Story