प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण के माध्यम से देशवासियों को आत्मनिर्भरता, वैज्ञानिक प्रगति, सांस्कृतिक संरक्षण और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने देश की वास्तविक शक्ति को 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक संकल्प बताते हुए कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तो राष्ट्र के लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता। उन्होंने रक्षा और विमानन क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए भारतीय नौसेना में शामिल किए गए आईएनएस दूनागिरि, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्र्य के साथ-साथ डीआरडीओ द्वारा विकसित लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज़ मिसाइल की सफलताओं को वैज्ञानिक गौरव का प्रतीक बताया। इसके अतिरिक्त, सी-295 मेड इन इंडिया विमान परियोजना को एयरोस्पेस क्षेत्र में नई पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल तकनीकी आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करेगी, बल्कि एमएसएमई और स्थानीय उद्योगों के लिए नए आर्थिक अवसर भी सृजित करेगी।

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक सफलता और अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 114 पदकों की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए असम की जीव वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन के हरगिला पक्षी संरक्षण प्रयासों और मेघालय के जीवंत रूट ब्रिज को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल करने की पहल को प्रकृति और मानव के सामंजस्य का अद्भुत उदाहरण बताया। साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन और आगामी गणेश उत्सव में पर्यावरण के अनुकूल मिट्टी की मूर्तियों को अपनाने का आह्वान किया। सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए नांदेड़ के उस परिवार की प्रशंसा की, जिसने पूरे गांव का बीमा कराकर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा एआई और डेटा साइंस में बीटेक की शुरुआत और डोमिनिका में भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया। अंत में, प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

इस कार्यक्रम के उपरांत जयपुर के सांगानेर स्थित प्रताप नगर के श्योपुर मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुनने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे राष्ट्र निर्माण का महाअभियान बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया, ताकि विकसित भारत का संकल्प पूर्ण हो सके। प्रदेश के विभिन्न बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के इन विजन को धरातल पर उतारने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया। यह कार्यक्रम स्पष्ट करता है कि केंद्र सरकार की नीतियां अब देश के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र के प्रति उनके उत्तरदायित्व को रेखांकित करने का माध्यम बन चुकी हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story