बालोतरा/जयपुर, 13 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को बालोतरा के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के बालोतरा में प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री 21 अप्रेल को देश के पहले एचपीसीएल इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का शुभारंभ बालोतरा में करेंगे।

ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास की नई दिशा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की क्रूड डिजिटेशन यूनिट और रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वहां मौजूद रिफाइनरी प्रतिनिधियों से संवाद कर उनका अनुभव भी जाना। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि "इस रिफाइनरी के माध्यम से देश-प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। साथ ही, यह रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी।" उन्होंने विश्वास जताया कि रिफाइनरी के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर प्राप्त होंगे।

प्रधानमंत्री की जनसभा और सुरक्षा व्यवस्थाओं के कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री इस ऐतिहासिक अवसर पर एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने स्वयं जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और समस्त व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। आयोजन स्थल के ले आउट का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के पहले इंटीग्रेटेड रिफाइनरी कम पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का शुभारंभ राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।

अधिकारियों की बैठक में व्यवस्थाओं और राजस्थानी संस्कृति पर जोर

रिफाइनरी का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए जनसभा में आने वाले आमजन के लिए पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को समन्वय कर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि "आयोजन स्थल पर सजावट में राजस्थान की कला संस्कृति का प्रदर्शन होना चाहिए, जिससे आगन्तुक प्रदेश की ऐतिहासिक गौरवशाली परम्परा से रूबरू हो सकें।" बैठक में अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया।

भव्य स्वागत और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

इससे पहले, हैलिपेड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री केके बिश्नोई, सांसद श्री मदन राठौड़, श्री लुंबाराम चौधरी, जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री जसवंत सिंह विश्नोई, विधायक श्री अरुण चौधरी, श्री हम्मीर सिंह भायल, मुख्य सचिव श्री वी श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story