प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया, संशोधित उड़ान योजना भी शुरू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन कर संशोधित उड़ान योजना शुरू की। जानिए इससे राजस्थान और विमानन क्षेत्र को क्या मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संशोधित उड़ान योजना का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायड़ू, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
480 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में निर्मित किया गया है। इसकी प्रतिवर्ष यात्री क्षमता 20 लाख है। राजस्थान की समृद्ध विरासत से प्रेरित वास्तुकला पर आधारित यह टर्मिनल अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित है। इसके डिजाइन में ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण और हरित भवन निर्माण पद्धतियों जैसी विशेषताओं को भी शामिल किया गया है। नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से बेहतर एयर कनेक्टिविटी के साथ पश्चिमी राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री द्वारा ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई संशोधित उड़ान योजना में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इस योजना के तहत 28 हजार 840 करोड़ रुपये के आवंटन के माध्यम से अगले 10 वर्षों में विमानन आधारित विकास को गति देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए देशभर में व्यापक और स्थायी एयर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के साथ भारतीय विमानन क्षेत्र को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
संशोधित उड़ान योजना के तहत देशभर में विमानन अवसंरचना के विस्तार के लिए मौजूदा अप्रयुक्त हवाई पट्टियों का उपयोग करते हुए 100 हवाई अड्डों के विकास पर विशेष बल दिया गया है। इसके साथ ही दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंच संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का भी प्रस्ताव है। योजना के अंतर्गत एयरलाइन कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग सहायता जारी रखी जाएगी, जिससे क्षेत्रीय विमानन परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित हो सकेगी। जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत को देश में विमानन अवसंरचना और क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
