प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से वर्चुअल माध्यम के जरिए राजस्थान के आठ अमृत भारत रेलवे स्टेशनों सहित देशभर के कुल 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इन स्टेशनों के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और रेलवे के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। उद्घाटन समारोह के दौरान जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह उपस्थित रहे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार राजस्थान के बाड़मेर, दौसा, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया। सभी स्टेशन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह से जुड़े, जहां जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे।

दौसा में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागडे ने पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा देंगे तथा नागरिकों का जीवन अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर सांसद (राज्यसभा) श्री मदन राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राजस्थान में विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सांसद-दौसा श्री मुरारी लाल मीना, विधायक-सवाई माधोपुर श्री किरोड़ीलाल मीना सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गोटन में आयोजित समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गोटन रेलवे स्टेशन राजस्थान की आर्थिक मजबूती प्रदान करता है और यह पूरे नागौर क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन के उद्घाटन पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान सरकार के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री श्री कन्हैया लाल, सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जैसलमेर में आयोजित समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सुदूर रेगिस्तान की धरती पर सीमावर्ती क्षेत्र के जिला मुख्यालय में विश्वस्तरीय जैसलमेर रेलवे स्टेशन तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास की गति, आधुनिक बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव ने भारत की नई पहचान बनाई है। इस अवसर पर उनके साथ विधायक-जैसलमेर श्री छोटू सिंह भाटी, विधायक-पोकरण महंत श्री प्रताप पुरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

खैरथल में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि खैरथल के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद-बाड़मेर श्री उम्मेदा राम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री कैलाश चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं, सोमेसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में राजस्थान सरकार के पशुपालन एवं डेयरी गोपालन तथा देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत, सांसद-पाली श्री पीपी चौधरी, विधायक-मारवाड़ जंक्शन श्री केसाराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन सभी रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके। इन स्टेशनों का उद्घाटन रेलवे अवसंरचना के उन्नयन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Next Story