जयपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान का आगाज किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की ओर से सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश की जनता आज विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समृद्धि चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा करते हुए अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका प्रभाव देश के विकास और आमजन के जीवन में दिखाई देता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे के विद्युतीकरण, जल संरक्षण एवं जल योजनाओं, किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान और मुद्रा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। किसानों को सशक्त करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और फसल बीमा जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा देने के प्रयास किए गए।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया। आज भारत कई क्षेत्रों में अपने उत्पादों का निर्माण कर रहा है और उनका निर्यात भी कर रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी देश की आत्मनिर्भरता बढ़ी है और भारत रक्षा उपकरणों के निर्माण तथा निर्यात की दिशा में आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ दुनिया के अन्य देशों की भी सहायता की। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संकटों के दौरान भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रयास किए गए। विदेशों में संकट के समय तिरंगे की पहचान और भारत की सहायता का भाव भी देखने को मिला।

राठौड़ ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, महिला आरक्षण, तीन तलाक की समाप्ति और जम्मू-कश्मीर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से भी केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं और भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करने के लिए ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ तथा ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना को आगे बढ़ा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन द्वारा सेवा कार्यों के माध्यम से शुभकामनाएं दी जा रही हैं। जगह-जगह दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से रक्तदान शिविर, फल वितरण और जरूरतमंद लोगों की सहायता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

राठौड़ ने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनके जन्मदिवस पर देशभर में चल रहे सेवा कार्य इसी भावना को प्रतिबिंबित करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की उपस्थिति में प्रदेश पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं ने एक दीया प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद व्यक्त किया। ‘आशीर्वाद का दीया’ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी प्रज्वलित किए गए। भाजपा पदाधिकारियों की ओर से अल्बर्ट, अमर जवान ज्योति और सवाई मानसिंह स्टेच्यू सर्किल पर दीया प्रज्वलित किए गए।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, भाजपा आईटी प्रभारी अविनाश जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित यह सेवा संकल्प अभियान सेवा गतिविधियों और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से शुभकामनाएं व्यक्त करने के रूप में सामने आया।

Next Story