प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अजमेर दौरा: 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी ने कायड़ विश्राम स्थली से विकास कार्यों का लोकार्पण किया और 21,863 युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित जनसभा के दौरान मंच पर उपस्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।
अजमेर/जयपुर, 28 फरवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की सौगात देने के बाद राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, बल्कि पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है और इन दो साल में राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है।" प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर लगातार काम हो रहा है और जिन वादों के साथ सरकार सेवा में आई थी, उन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है।
युवाशक्ति का सशक्तीकरण और रोजगार के अवसर
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने करीब 17 हज़ार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि "आज इन परियोजनाओं से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।" पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि "दो साल पहले तक राजस्थान में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की ही खबरें आती रहती थीं, लेकिन अब पेपर लीक पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।" आज डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति और सशक्त हो रही है, जिसके तहत उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 21,863 युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
नारीशक्ति के प्रति संवेदनशीलता और स्वास्थ्य सुरक्षा
महिला कल्याण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ को नारीशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि "अगर मां स्वस्थ होती है, तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है।" श्री मोदी ने याद दिलाया कि वर्ष 2014 से पहले शौचालय की सुविधा न होने से बहनों-बेटियों को जो पीड़ा और अपमान झेलना पड़ता था, उसे मिशन मोड पर समाधान कर दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि "गर्भावस्था के दौरान मां को पोषक आहार मिल सके इसके लिए 5 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करने की मातृ वंदना योजना शुरु की और महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की।"
कनेक्टिविटी, निवेश और सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री ने आधुनिक कनेक्टिविटी को राजस्थान की किस्मत बदलने वाला कारक बताया। "अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधा से सिर्फ सफर आसान नहीं होता बल्कि कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन बढ़ता है, जिससे होटल, ढाबे, टैक्सी और कारीगरों को काम मिलता है।" उन्होंने सिंचाई के मुद्दे पर कहा कि "डबल इंजन सरकार सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।" उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार द्वारा ईआरसीपी को फाइलों में उलझाने का जिक्र करते हुए कहा कि "हमारी सरकार ने संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना और यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा है, जिसका बड़ा फायदा राजस्थान को मिलेगा।"
सौर ऊर्जा से समृद्धि और सांस्कृतिक नमन
राजस्थान की भौगोलिक क्षमता पर चर्चा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि "राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है।" उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख किया जिसमें सरकार छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए की सहायता सीधे बैंक खाते में दे रही है, जिससे सवा लाख से अधिक परिवार जुड़ चुके हैं। कार्यक्रम के आरंभ में उन्होंने तीर्थराज पुष्कर, सावित्री माता, वीर तेजा जी महाराज, भगवान देवनारायण और वरुण अवतार भगवान झूलेलाल को नमन किया। उन्होंने इजरायल के हाइफा शहर को आजाद कराने वाले मेजर दलपत सिंह और राजस्थान के वीरों के शौर्य को भी याद किया।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का संबोधन और विजन 2047
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है और उनके मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।" उन्होंने कहा कि "हम प्रधानमंत्री के ‘राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन’ की अवधारणा को अपना ध्येय मान कर आगे बढ़ रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए बताया कि युवाओं के लिए 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में सवा लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं और वर्ष 2026 में 1 लाख से अधिक नए पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।
कृषि, महिला कल्याण और जल प्रबंधन में उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पीएम किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है और कृषि बजट को जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में "16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है और मां वाउचर के माध्यम से सवा दो लाख से अधिक महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई है।" उन्होंने वीबी-जी राम जी के लिए बजट में 4 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान और विकसित राजस्थान 2047 के विजन दस्तावेज का भी उल्लेख किया, जिसका लक्ष्य राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।
राष्ट्रीय योजनाओं में राजस्थान का उत्कृष्ट प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने लंबित जल विवादों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि "हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी की जल समस्या का स्थायी समाधान होगा।" प्रदेश सरकार के प्रदर्शन पर गर्व करते हुए उन्होंने बताया कि देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, 5 में दूसरे और 7 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कानून व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि "प्रदेश में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत और महिलाओं के प्रति अपराधों में 10 प्रतिशत की कमी आई है।" साथ ही राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है। इस भव्य अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा और सांसद श्री मदन राठौड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
