जयपुर/अजमेर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर की धरती से कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हाल ही दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ, जिसमें दुनिया के अनेक देशों के प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति और बड़ी-बड़ी कंपनियों के कर्ता-धर्ता आए थे। सबने भारत की खुले मन से प्रशंसा की जिससे हम सबका माथा ऊंचा हुआ, लेकिन कांग्रेस ने दुनियाभर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा ड्रामा किया गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि "कांग्रेस के कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।"

INC से MMC बनने का आरोप और माओवादी सोच पर प्रहार

पीएम ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में हार रही है और इसका बदला वह भारत को बदनाम करके ले रही है। उन्होंने एक नया नारा देते हुए कहा कि "कभी कांग्रेस, आइएनसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस) थी जो आज एमएमसी (मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस) हो चुकी है।" प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि मुस्लिम लीग ने देश बांट दिया और आज कांग्रेस भी वही कर रही है। माओवादी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और लोकतंत्र से नफरत करते हैं, इसलिए ये घात लगाकर हमला करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर, देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है। देश को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।

सेना की उपेक्षा और रक्षा घोटालों का कच्चा चिट्ठा

प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमारी सेना के जवानों को हथियारों और वर्दी तक के लिए तरसा कर रखा था। वर्षों तक हमारे सैनिक परिवारों को वन रैंक वन पेंशन से वंचित रखा गया था। उनके जमाने में विदेशों से होने वाली रक्षा सौदों में बड़े-बड़े घोटाले होते थे। इसके विपरीत, बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर आतंकियों और देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है। हमारी सेना हर मिशन और हर मोर्चे पर विजयी रही है।

सर्जिकल स्ट्राइक और राजस्थान में कांग्रेस की विफलता

पीएम मोदी ने कहा कि "सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक, सेना ने वीरता का लोहा मनवाया लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया।" देश के लिए जो भी शुभ है, कांग्रेस उसका विरोध करती है। राजस्थान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी जितने दिन कांग्रेस की सरकार रही, वह भ्रष्टाचार करने और आपसी लड़ाई-झगड़े में ही उलझी रही।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story