जयपुर, 10 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान सहित प्रदेशभर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।

जयपुर में आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने झारखंड महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देश ने इस अवधि में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए तेज गति से कार्य कर रहा है।

मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, गरीबों के लिए आवास योजनाओं, रोजगार सृजन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों की समृद्धि, सेना के आधुनिकीकरण तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा जैसे अनेक कार्य प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संपन्न हुए हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. अलका गुर्जर, भाजपा कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, विधायक कालीचरण सराफ सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने भी गोविंद देवजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, विधायक बालमुकुंदाचार्य और जिला अध्यक्ष अमित गोयल सहित अनेक नेताओं ने भाग लिया।

इसके अतिरिक्त भाजपा पदाधिकारियों ने जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर, गोविंददेव जी मंदिर, झारखंड महादेव मंदिर, बड़ी चौपड़ स्थित श्रीरामचन्द्र जी मंदिर, श्री ब्रजनिधि जी मंदिर तथा नहर के गणेश जी मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रमों में राज्य धरोवर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, सुरेंद्र पाल टीटी, सरिता गैना, महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत मांडण, आईदान सिंह भाटी, सीताराम पोसवाल, नारायण पुरोहित, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, कार्यालय सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक तथा आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर भाजपा की सहभागिता तथा नेतृत्व के प्रति समर्थन और शुभकामनाओं के प्रतीक के रूप में सामने आए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story