पीएम-कुसुम योजना से किसान बन रहे ऊर्जादाता, विधायक भैराराम चौधरी ने गिनाए लाभ
ओसियां विधायक भैराराम चौधरी से पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल की भेंट, सौर ऊर्जा संयंत्रों से किसानों की आय में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण पर हुई चर्चा।

जोधपुर में सौर ऊर्जा केंद्र के तकनीकी अवलोकन के दौरान स्थापित उपकरणों की जानकारी लेते पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।
जोधपुर, 11 मार्च 2026: पीआईबी चंडीगढ़ के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने आज ओसियां विधायक श्री भैराराम चौधरी से शिष्टाचार भेंट की, जिसमें क्षेत्र के विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर विधायक ने रेखांकित किया कि केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के प्रयासों से राजस्थान में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है।
पीएम-कुसुम और पीएम सूर्य घर योजना: विकास के मील का पत्थर
विधायक श्री भैराराम चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न प्रमुख पहल कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि "पीएम-कुसुम योजना किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ 'ऊर्जादाता' के रूप में सशक्त बना रही है।" श्री चौधरी ने जलवायु लक्ष्यों और ऊर्जा सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता तथा देश भर में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के लिए सरकार के केंद्रित प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राज्य के लिए पीएम-कुसुम योजना और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदेश के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने आगे बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने से किसानों की आय में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है।
किसानों की आय में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण
योजनाओं के व्यापक उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि "इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को ऊर्जा और जल सुरक्षा प्रदान करना, उनकी आय बढ़ाना, कृषि क्षेत्र को डीजल मुक्त करना और पर्यावरण प्रदूषण को कम करना है।" श्री चौधरी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य तीव्रता से किया जा रहा है।
मीडिया की भूमिका और सौर ऊर्जा केंद्र का तकनीकी अवलोकन
भेंट के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्रीय विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विधायक श्री चौधरी ने सभी प्रश्नों का विस्तार से उत्तर देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि "समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया एवं पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।"
इसके पश्चात, पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर में सौर ऊर्जा केंद्र का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान, परियोजनाओं तथा तकनीकी नवाचारों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि देश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी बढ़ रही है। पत्रकारों ने केंद्र में स्थापित विभिन्न उपकरणों, प्रयोगशालाओं और परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा सौर ऊर्जा के भविष्य की संभावनाओं को समझा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
