पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होते ही राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के खातों में 1320 करोड़ रुपये पहुंचे। पाली के सुमेरपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों के लिए सरकार की बड़ी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया।

खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच देश के करोड़ों किसानों को बड़ा आर्थिक संबल देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी। पश्चिम बंगाल से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशभर के 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार 880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। इस पहल से राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों को भी सीधा लाभ मिला, जिनके खातों में 1 हजार 320 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची।

इस अवसर पर पाली जिले के सुमेरपुर स्थित टाउन हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री किसान उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और किसानों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का किसान आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में योजना की शुरुआत के बाद से देशभर के किसानों के खातों में अब तक 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि खरीफ फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय पर जारी की गई यह किस्त किसानों की कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने जन-धन, आधार और मोबाइल आधारित व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए पारदर्शी तंत्र विकसित किया है। इससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और किसानों को बिना किसी बिचौलिये के समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीज खरीद से लेकर फसल के बाजार तक पहुंचने की प्रक्रिया में केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम-कुसुम योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, ई-नाम और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने कृषि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के कारण कृषि बजट बढ़कर 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। साथ ही राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दी है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल रही है।

राजस्थान में किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां अब तक 2.19 करोड़ से अधिक बीमा पॉलिसियां जारी की जा चुकी हैं और किसानों को 6 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक के बीमा क्लेम का भुगतान किया गया है।

उन्होंने बताया कि गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 94 हजार से अधिक गोपालक परिवारों को 709 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 20 लाख से अधिक पशुओं का पंजीकरण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त किसानों को गेहूं खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है तथा डबल इंजन सरकार किसान, महिला और युवा सशक्तीकरण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुमेरपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और आमजन से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव एवं क्रियान्वयन का फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

कार्यक्रम में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेन्द्र सिंह, शोभा चौहान, केसाराम चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का वितरण ऐसे समय हुआ है जब किसान खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किसानों तक पहुंची यह सहायता राशि न केवल कृषि गतिविधियों को गति देगी बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story