पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त कल, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी से डीबीटी के माध्यम से राशि जारी करेंगे, राजस्थान के 66.76 लाख किसानों के खातों में 1335 करोड़ रुपये हस्तांतरित होंगे।

जयपुर, 12 मार्च। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च (शुक्रवार) को ‘‘पीएम-किसान उत्सव दिवस‘‘ के अवसर पर पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे। गुवाहाटी, असम में आयोजित होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम के माध्यम से देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक कृषकों को 18 हजार 640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तान्तरित की जाएगी।
राजस्थान के लाखों किसानों को मिलेगा योजना का लाभ
श्री दक ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि "राज्य के 66.76 लाख से अधिक किसानों को 1335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। प्रति किसान 2 हजार रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।" इस महत्वपूर्ण अवसर पर जयपुर स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इसके साथ ही, राजस्थान के सभी जिलों में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा और दिए निर्देश
आयोजन की महत्ता को देखते हुए सहकारिता मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने गुरुवार को स्वयं दुर्गापुरा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप समस्त तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ताकि कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
पीएम किसान योजना की अब तक की प्रगति
उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक कुल 21 किस्तों के माध्यम से देश भर के किसानों को 4.09 लाख करोड़ रुपये की विशाल राशि हस्तान्तरित की जा चुकी है। कल होने वाले इस हस्तांतरण से करोड़ों परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक संबल प्राप्त होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
