नई दिल्ली: उत्तर रेलवे ट्रैकिंग एवं माउंटेरिंग एसोसिएशन (NRTMA) के तत्वावधान में आयोजित पिंडारी ग्लेशियर जीरो पॉइंट ट्रैकिंग अभियान 23 से 30 मई तक सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। रेल कर्मचारियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, साहसिक खेलों के प्रति रुचि जगाने तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अभियान में देश के विभिन्न रेलवे जोनों से 5 ऑफिसियल सहित कुल 65 ट्रैकर्स ने भाग लिया। 12,000 फीट से अधिक की दुर्गम ऊंचाई पर स्थित उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र की इस रोमांचक पर्वतीय यात्रा को सभी प्रतिभागियों ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ पूरा कर प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का साक्षात्कार किया।

इस साहसिक ट्रैकिंग अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के 11 जांबाज प्रतिभागियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें जयपुर से जनसंपर्क अधिकारी विनोद कुमार बेनीवाल, डॉ. सुरेश मीना, सुनील कुमार गोयल, स्मृति भाटी, नंद प्रकाश तनेजा, भावना तनेजा एवं मुकेश मीना शामिल रहे, जबकि जोधपुर मंडल से डॉ. विशेष बंसल, प्रवीण कच्छावा, चिराग और प्रियल शर्मा ने इस कठिन यात्रा में भाग लिया। हिमालय की मनमोहक वादियों, संकरे रास्तों और स्थानीय जीवंत संस्कृति के बीच से गुजरते हुए इन प्रतिभागियों ने न केवल अपनी शारीरिक क्षमताओं को चुनौती दी, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में टीम भावना, अद्वितीय आत्मविश्वास और कुशल नेतृत्व कौशल का भी परिचय दिया।

उत्तर रेलवे ट्रैकिंग एवं माउंटेरिंग एसोसिएशन के संयोजक हरीश जोशी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन रेलकर्मियों में फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, साहसिक खेलों तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। इसी कड़ी में प्रतिवर्ष विभिन्न ट्रैकिंग अभियानों, पर्वतारोहण कार्यक्रमों एवं प्रकृति भ्रमण गतिविधियों को संचालित किया जाता है, ताकि अधिकाधिक रेल कर्मचारियों को लाभान्वित किया जा सके। दैनिक कार्य के मानसिक तनाव से दूर इस यात्रा ने सभी कर्मचारियों को नई ऊर्जा, ताजगी एवं उत्साह से सराबोर कर दिया है। अंत में रेल प्रशासन एवं रेलवे ट्रैकिंग एसोसिएशन ने इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और साहसी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जो अब अविस्मरणीय यादों के साथ पुनः अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट चुके हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story