अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: पीआईबी जयपुर ने आयोजित किया विशेष कार्यक्रम
पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता पर चर्चा की गई।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और समानता के संकल्प को दोहराते पत्र सूचना कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान, उनकी उपलब्धियों तथा समाज में उनके महत्वपूर्ण स्थान को रेखांकित करना था। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, समानता और समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र की प्रगति में योगदान
कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक श्री अनुभव बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने और उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है।" उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, मीडिया, उद्यमिता तथा अन्य अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं और पहलें संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को समान अवसर प्रदान कर ही हम एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।
जागरूकता और प्रभावी सरकारी योजनाएं
कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक श्री धर्मेश भारती ने कहा कि "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।" उन्होंने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही है और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा कई प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन पहलों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सामूहिक संकल्प और सामाजिक संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं के सम्मान, समानता तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
