फुलेरा-मदार रेलखंड पर रेल परिचालन की संरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ाने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल ने 25 अक्टूबर 2026 को 11 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेकर अनुरक्षण और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए। इस दौरान भांवसा स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन संख्या 5 का सफल कमीशनिंग किया गया। इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत कर्षण विभागों ने आपसी समन्वय से निर्धारित समयावधि में सभी निर्धारित कार्य संपन्न किए।

मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किशनगढ़-मंडावरिया रेलखंड पर ब्रिज संख्या 262 में पुराने स्लैब हटाकर 7 प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्स और 6 प्रीकास्ट बेस स्लैब स्थापित किए गए। रेलपथ की गुणवत्ता और संरक्षा बेहतर बनाने के लिए किशनगढ़ यार्ड में टर्नआउट नवीनीकरण का कार्य किया गया। इसके साथ ही किशनगढ़ और लाडपुरा यार्ड की लूप लाइनों में रेल नवीनीकरण भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

जयपुर-मदार रेलखंड पर स्थित भांवसा स्टेशन यार्ड में अतिरिक्त लूप लाइन संख्या 5 का कमीशनिंग इस मेगा ब्लॉक का प्रमुख कार्य रहा। इसके तहत 6 नए पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग बिछाए गए। साथ ही, लाइन संख्या 4 का 310 मीटर विस्तार किया गया और 780 मीटर लंबी नई लूप लाइन बिछाई गई। इस दौरान 6 नए एसईजे (स्विच एक्सपेंशन जॉइंट) भी स्थापित किए गए।

अतिरिक्त लूप लाइन के अनुरूप सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में आवश्यक बदलाव और अपडेट किए। इससे भांवसा स्टेशन की परिचालन व्यवस्था बेहतर बनाने तथा रेलगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त परिचालन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ब्लॉक अवधि में विद्युत कर्षण विभाग ने इंजीनियरिंग विभाग के संबंधित कार्यों को सुगम बनाने के लिए तीन स्थानों पर ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) का अनुरक्षण भी किया।

एक ही दिन में निर्धारित 11 घंटे की अवधि के भीतर ब्रिज संबंधी कार्य, ट्रैक नवीनीकरण, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग की स्थापना, अतिरिक्त लूप लाइन का कमीशनिंग और ओएचई अनुरक्षण पूरा किया गया। विभिन्न विभागों के समन्वय से संपन्न इन कार्यों से रेल परिसंपत्तियों के प्रभावी अनुरक्षण, परिचालन दक्षता में सुधार और रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

Next Story