जयपुर, 27 अगस्त। नेपाल में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा और कठिन परिस्थितियों को देखते हुए राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए काठमांडू (नेपाल) की हवाई यात्रा 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक रोक दी गई है।

देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शनों के लिए जाने वाले बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की यात्रा फिलहाल पांच दिनों के लिए स्थगित की गई है।

सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार के लिए वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सेहत सबसे पहली प्राथमिकता है। नेपाल में आई इस भीषण त्रासदी के बाद वहां के हालात और बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा या जान-माल का खतरा न हो, इसलिए बेहद सतर्कता बरतते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का संवेदनशील निर्णय लिया गया है।

हालात सामान्य होते ही फिर शुरू होगी यात्रा

मंत्री कुमावत ने राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त किया है कि तीर्थयात्रियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। देवस्थान विभाग नेपाल के घटनाक्रम और वहां के मौसम व सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही नेपाल में परिस्थितियां पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में होंगी, पशुपतिनाथ यात्रा को दोबारा पूरी सुरक्षा के साथ सुचारू रूप से री-शेड्यूल किया जाएगा। फिलहाल 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक यात्रा स्थगित रखने का निर्णय वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

Next Story