जयपुर, 27 मई: भीषण गर्मी और नोतपा की तपिश के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सहकारिता मंत्री गौतम दक द्वारा शुरू किए गए ‘परिंडा बांधो अभियान’ को गति देते हुए सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की। ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक एम्प्लॉईज यूनियन व ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रान्तीय महासचिव और सहकारी साख समितियाँ एम्पलाईज यूनियन राजस्थान के प्रान्तीय अध्यक्ष सूरज भान सिंह आमेरा ने जयपुर केन्द्रीय सहकारी बैंक की सांगानेर शाखा, सांगानेर पैक्स-मिनी बैंक तथा चाकसू सहकारी समिति परिसर का सघन दौरा किया।

इस दौरान आमेरा ने समिति के बोर्ड सदस्यों, बैंक व पैक्स कर्मियों के साथ मिलकर वृक्षों पर परिंडे बांधे और पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की। उन्होंने सहकारिता विभाग के इस सेवाभावी अभियान को सफल बनाकर इसे एक जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। इस अभियान के तहत विभागीय कार्यालयों, शीर्ष एवं केन्द्रीय सहकारी संस्थाओं, सहकारी बैंक शाखाओं, केवीएसएस तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों के परिसरों, भवनों की छतों और सुरक्षित छायादार स्थानों पर मिट्टी के परिंडे व जल पात्र लगाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में चाकसू सहकारी समिति के अध्यक्ष शंकर लाल शर्मा, उपाध्यक्ष फकरूद्दीन खां, डायरेक्टर हनुमान पंडा, भंवर लाल बैरवा सहित शाखा प्रबंधक हेमंत वर्मा, हरकेश हुड़ला, शंकर सिंह नरुका, मनीष गंगवार, छोटेलाल गुर्जर, अभिषेक सिंघवी, फतेहसिंह, गणेश नारायण जाट, पप्पू लाल सैनी, रोडूमल चौधरी, कमलेश जाट व देवेंद्र सिंह ने सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में चाकसू व सांगानेर समिति के व्यवस्थापक, सहायक व्यवस्थापक, बैंक कर्मी व बोर्ड सदस्यों ने इस कार्य में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के यूनियन संयोजक शंकर सिंह नरुका ने बताया कि चाकसू सरोवर पाल स्थित हनुमान मंदिर में भी परिंडे बांधे गए। तत्पश्चात, मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में सहकार नेता आमेरा का साफा व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया और सामूहिक रूप से दाल-बाटी-चूरमा प्रसादी का आयोजन हुआ। यह अभियान भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story