जयपुर में परिंडा अभियान का आयोजन, पक्षियों के लिए लगाए 100 से अधिक पात्र
आदर्श विद्या मंदिर और भारत विकास परिषद ने सूरज मैदान में पक्षियों के संरक्षण हेतु जल-दाना उपलब्ध कराने और पर्यावरण जागरूकता के लिए अभियान चलाया।

जयपुर के सूरज मैदान में आयोजित परिंडा अभियान के दौरान आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थी और शिक्षक पक्षी संरक्षण का संदेश देते हुए बैनर के साथ मौजूद हैं।
भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के संरक्षण और उनके लिए जल-दाना उपलब्ध कराने का संदेश लेकर आदर्श विद्या मंदिर (सीबीएसई), राजापार्क, जयपुर और भारत विकास परिषद, वैशाली नगर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार सुबह सूरज मैदान में “परिंडा अभियान” का आयोजन किया गया। अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक परिंडे लगाए तथा समाज को पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने की अपील की। विद्यालय की प्रिंसिपल सुनयना नागपाल ने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान बच्चों में सेवा, संवेदनशीलता और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करते हैं।
अभियान में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति दया भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुष्कर उपाध्याय, राजेंद्र गुप्ता, वंदना मेहरोत्रा और तुलसी संगतानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
परिंडा अभियान के बाद विद्यालय में मदर्स डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर प्रेम, सम्मान और भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया। बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में गीत, कविता, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मातृत्व के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनमें माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समिति के पुष्कर उपाध्याय और अजय गुप्ता ने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रथम गुरु भी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में परिवार और संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त सचिव राजेंद्र गुप्ता ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय में आयोजित दोनों कार्यक्रमों ने सामाजिक संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
