गुप्त वृन्दावन धाम में 2108 किलो आमों से सजा कृष्ण-बलराम दरबार
गुप्त वृन्दावन धाम में परमा एकादशी के पावन अवसर पर भगवान श्री श्री कृष्ण-बलराम जी का मनमोहक श्रृंगार कर उन्हें विभिन्न प्रजातियों के आमों से बनी भव्य झांकी के बीच प्रतिष्ठित किया गया।

परमा एकादशी के पावन पर्व पर गुप्त वृन्दावन धाम में आयोजित विशेष धार्मिक उत्सव के दौरान आम के फलों और हरी पत्तियों की सुंदर पृष्ठभूमि के बीच वस्त्र एवं आभूषणों से सुसज्जित भगवान कृष्ण-बलराम के विग्रह।
परमा एकादशी के पावन अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम में भगवान श्री श्री कृष्ण-बलराम का विशेष भव्य श्रृंगार कर अनूठी आध्यात्मिक झांकी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 2108 किलो आमों से आकर्षक बंगला झांकी सजाई गई, जिसने भक्तों को भावविभोर कर दिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने धाम पहुंचे।
आयोजन के दौरान बाल भक्त भागवत द्वारा हरिनाम संकीर्तन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों सहित उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। पूरे दिन धाम में निरंतर हरिनाम जप का आयोजन चलता रहा, जिसमें भक्तों ने 64 माला जप संकल्प के साथ सहभागिता की और 100 करोड़ नाम जप महाअभियान में योगदान दिया।
इसके साथ ही पुरुषोत्तम मास के अवसर पर माहव्यापी पुरुषोत्तम मास कथा का आयोजन भी जारी है, जिसका आयोजन कृष्ण भावना केंद्र के संस्थापक श्री ओमप्रकाश मोदी के सहयोग से किया जा रहा है। इस कथा का समापन 15 जून को एक विशेष समारोह के साथ किया जाएगा।
गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि परमा एकादशी भक्ति साधना के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती है और इस दिन की गई साधना का कई गुना अधिक फल प्राप्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में हरिनाम जप में सहभागिता करने की अपील भी की। इस पूरे आयोजन ने धाम में आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक गहन एवं भक्तिमय बना दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
