पनकीधाम यार्ड रिमॉडलिंग कार्य से रेल यातायात प्रभावित, बीकानेर-हावड़ा समेत कई ट्रेनें रीशेड्यूल व रेगुलेट
पनकीधाम स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के चलते बीकानेर-हावड़ा सहित कई ट्रेनें रीशेड्यूल और रेगुलेट रहेंगी।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मण्डल में कानपुर सेंट्रल-टूण्डला रेलखण्ड के मध्य स्थित पनकीधाम स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य तथा चौथी लाइन डालने के लिए यार्ड रिमॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस कार्य के कारण अपने क्षेत्र से संचालित कई रेलसेवाओं के रीशेड्यूल और रेगुलेट रहने की जानकारी दी है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 22308, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 29.07.2026 को बीकानेर से अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 30 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 12324, बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस रेलसेवा भी 29.07.2026 को बाड़मेर से अपने निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से रवाना होगी।
इसके अलावा कई रेलसेवाएं अपने प्रारम्भिक स्टेशन से प्रस्थान करने के बाद निर्धारित अवधि तक रेगुलेट रहेंगी। गाड़ी संख्या 22307, हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 21.07.2026 एवं 24.07.2026 को हावड़ा से प्रस्थान करने के बाद प्रयागराज मण्डल पर 1 घंटे 40 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12307, हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 22.07.2026 एवं 23.07.2026 को हावड़ा से प्रस्थान करने के बाद प्रयागराज मण्डल पर 1 घंटे 40 मिनट तक रेगुलेट रहेगी।
गाड़ी संख्या 04112, गांधीग्राम-प्रयागराज स्पेशल रेलसेवा दिनांक 30.05.26 को गांधीग्राम से प्रस्थान करने के बाद आगरा एवं प्रयागराज मण्डल पर 1 घंटे 20 मिनट तक रेगुलेट रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 12987, सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 30.07.2026 को सियालदाह से प्रस्थान करने के बाद प्रयागराज मण्डल पर 1 घंटे तक रेगुलेट रहेगी। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 12307, हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 30.07.2026 को हावड़ा से प्रस्थान करने के बाद प्रयागराज मण्डल पर 30 मिनट तक रेगुलेट रहेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार पनकीधाम स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एवं यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण इन रेलसेवाओं के संचालन समय में यह बदलाव किया गया है, जिससे संबंधित तिथियों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
