जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त निदेशक, संयुक्त शासन सचिव एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा वरिष्ठ आरएएस अधिकारी श्री पंकज ओझा को साहित्य, संस्कृति, कला, आध्यात्मिक चिंतन और सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘अंतर्राष्ट्रीय अद्वैतम साहित्य, अध्यात्म एवं कला शिखर सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन के दौरान साहित्य, संस्कृति एवं शिक्षा को समर्पित प्रतिष्ठित संस्था ‘अद्वैतम’ की ओर से आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।

प्रशासनिक दायित्वों के साथ साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए पंकज ओझा को यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में अद्वैतम संस्था की संस्थापक एवं प्रख्यात साहित्यकार किरण बाला ‘किरन’ ने कहा कि श्री पंकज ओझा ने अपने कड़े प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भी साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। उनकी बहुआयामी सक्रियता तथा भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को सम्मानित करना संस्था के लिए गर्व का विषय है।

संस्था के अध्यक्ष चेतन राज चुंडावत ने संबोधन में कहा, "श्री पंकज ओझा जैसे बहुआयामी व्यक्तित्व को सम्मानित कर स्वयं यह सम्मान गौरवान्वित हुआ है। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज, कला, अध्यात्म और संस्कृति के व्यापक सरोकारों से निरंतर जुड़े रहना उनकी एक विशिष्ट पहचान है।"

कला, संस्कृति और अध्यात्म में गहरी रुचि रखने वाले पंकज ओझा वैदिक साहित्य, भारतीय दर्शन, श्रीमद्भगवद्गीता, शिवपुराण तथा भारतीय ज्ञान-परंपरा के गहन अध्येता हैं। वे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मंचों पर प्रभावी वक्ता के रूप में सनातन परंपरा, जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पंकज ओझा को मिली इस अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि पर साहित्य, कला, संस्कृति जगत तथा प्रशासनिक हलकों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सम्मान ने उनके प्रशासनिक दायित्वों के साथ साहित्य, अध्यात्म, कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय योगदान को रेखांकित किया है।

Next Story