पाली जिले के सुमेरपुर उपखंड स्थित कोसेलाव गांव में शनिवार को जनसेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व का एक प्रेरक उदाहरण देखने को मिला, जब प्रवासी राजस्थानी कोठारी परिवार के सहयोग से पुनर्निर्मित फुटरमल गुलाबचंद कोठारी राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया गया। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने फीता काटकर नवनिर्मित भवन का औपचारिक उद्घाटन किया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि भारत में 536 मिलियन से अधिक पशुधन है और विश्व में सर्वाधिक पशुधन वाला देश होने के साथ-साथ राजस्थान भी पशुधन संपदा में अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश के लगभग 70 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों की आय, पोषण और सुरक्षा पशुओं पर निर्भर है। इसी कारण राज्य सरकार मानव के साथ-साथ पशुओं के स्वास्थ्य को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए नई भर्तियां, चिकित्सालयों का क्रमोन्नयन और आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास लगातार किया जा रहा है।

मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि कोसेलाव गांव के मूल निवासी और वर्तमान में मुंबई में व्यवसाय कर रहे प्रवासी राजस्थानी कोठारी परिवार ने 50 लाख रुपये की लागत से इस पशु चिकित्सालय भवन का पुनर्निर्माण कर यह सिद्ध किया है कि आज भी प्रवासी राजस्थानियों का अपनी मातृभूमि से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने इसे सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने चिकित्सालय परिसर में स्थापित स्वर्गीय फुटरमल जी गुलाबचंद कोठारी की मूर्ति का अनावरण किया तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने श्री कोठारी शीतल जल ग्रह का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

पाली पशुपालन विभाग के एडी मनोज कुमार ने बताया कि कोसेलाव के मूल निवासी कोठारी परिवार ने वर्ष 1983 में भी इस पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण कराया था। समय के साथ भवन के क्षतिग्रस्त हो जाने और चिकित्सालय के प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत होने के बाद उसी परिवार ने पुनः संपूर्ण भवन का नव निर्माण कराया। इस अवसर पर ग्रामवासियों की ओर से भामाशाह परिवार के बाबूलाल कोठारी और ललित कोठारी का सार्वजनिक सम्मान किया गया, वहीं कोठारी परिवार की ओर से मंत्री श्री जोराराम कुमावत का भी सम्मान किया गया।

समारोह में कोठारी परिवार द्वारा पशु चिकित्सालय को कंप्यूटर सहित प्रिंटर दान स्वरूप भेंट किया गया। इसके साथ ही परिवार के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का उद्घाटन भी मंत्री श्री कुमावत ने किया, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को प्रत्यक्ष लाभ मिला।

कार्यक्रम में पाली सरस डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, सरपंच सोनी देवी, पाली एडीएम ओम प्रभा, सुमेरपुर एसडीएम कालूराम कुम्हार, पूर्व सरपंच नारायण सिंह, पूर्व प्रधान सुमेर सिंह, उप सरपंच महावीर सिंह जोधा, भाजपा मंडल अध्यक्ष रतन देवासी, घेवरचंद कोठारी, जुगराज कोठारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हनुमान भाटी और पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल सिंह जोधा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कोसेलाव में पुनर्निर्मित राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय का लोकार्पण न केवल पशुपालकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह प्रवासी राजस्थानियों द्वारा अपने गांव और प्रदेश के विकास में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका का भी सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story