त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पाली जिले के फालना स्थित एक फैक्ट्री में संयुक्त कार्रवाई कर 8,303 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी सीज कराया गया। मौके से घी के रैपर, उपकरण और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं, जबकि फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की जा रही है।

जयपुर, 20 अक्टूबर। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम के साथ मिलकर पाली जिले के फालना स्थित फैक्ट्री में जांच की। घी प्रथम दृष्टया खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण उसे मौके पर ही सीज करवाया गया।

‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा) श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती के.बी. वन्दना और उप महानिरीक्षक श्रीमती राशि डोगरा डूडी के मार्गदर्शन तथा उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में टीम ने आसूचना संकलित कर जोधपुर रेंज के पाली जिले में कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर फैक्ट्री तक पहुंची टीम

उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में सहायक उपनिरीक्षक श्री शंकर दयाल, हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल श्री रामसिंह और कांस्टेबल श्री नरेश कुमार की टीम गठित की गई थी। टीम को आसूचना संकलन और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जोधपुर रेंज के पाली जिले में भेजा गया था।

इसी दौरान टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि फालना के जादरी रीको एरिया स्थित श्री किसान डेयरी एंड फूड प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में अमानक केमिकल से मिलावटी घी तैयार किया जा रहा है। सूचना के अनुसार, इस घी को बाजार में सस्ते दामों पर बेचने और सप्लाई करने का काम किया जा रहा था।

सूचना का सत्यापन करने के बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की। फैक्ट्री में जांच के दौरान श्री किसान मार्का का 8,303 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी मिला। इसके साथ ही घी के रैपर, संबंधित उपकरण और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई। खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं होने की आशंका के चलते घी को सीज करवाया गया।

प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में फैक्ट्री मालिक खेताराम माली, निवासी मोडिया बेरा, रणकपुर रोड, सादड़ी, पाली से पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्री शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक श्री शंकर दयाल, हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल श्री रामसिंह और कांस्टेबल श्री नरेश कुमार शामिल रहे। हेड कांस्टेबल श्री रविन्द्र सिंह की आसूचना संकलन एवं तकनीकी भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही। अब घी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

Next Story