पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खिवान्दी में अमर शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा के बलिदान दिवस पर गुरुवार को भव्य एवं भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खिवान्दी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का नामकरण किया गया तथा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी हुआ। समारोह में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल तथा राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने शहीद की प्रतिमा और चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कुल 121 यूनिट रक्तदान किया गया। अतिथियों ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया, जबकि विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए जोराराम कुमावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावनाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विशेष आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खिवान्दी का नाम बदलकर “शहीद ऋषिराज सिंह देवड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खिवान्दी” करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय के लिए समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया जाता है। वक्ताओं ने कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना का संचार करेगा।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर शहीद के माता-पिता श्रीमती भंवर कंवर और श्री जसवंत सिंह देवड़ा तथा उनके भाई युवराज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने शहीद के परिजनों का सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद ऋषिराज सिंह देवड़ा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय नामकरण समारोह और अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए।

समारोह में राजनीतिक, प्रशासनिक, सैन्य और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। इनमें पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन, बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल, पाली डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयेन्द्र सिंह गलथनी, ब्रिगेडियर प्रताप सिंह सांडेराव, कर्नल बाल सिंह, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति वीरेंद्र सिंह जैतावत, सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल गजेंद्र सिंह, एसडीएम कालूराम कुम्हार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली चैन सिंह, फ्लाइट लेफिटनेट मनोज सैनी, स्वायर्ड लीडर अरूण आभा, फ्लाइट लैफि्टनेंट संजीव तिवाड़ी, निरंजन देवड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समारोह शहीद के सम्मान, विद्यालय के नामकरण और रक्तदान जैसे सामाजिक संदेश के साथ संपन्न हुआ तथा उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अवसर बताया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story