पाली: मंत्री जोराराम कुमावत के निर्देश, गांवों में पेयजल संकट के समाधान के लिए शेड्यूल जारी
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पीएचईडी अधिकारियों को सुमेरपुर की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर समस्याओं के त्वरित निस्तारण और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान हेतु आयोजित बैठक के दौरान मंच से संबोधित करते कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत।
भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राहत की पहल करते हुए पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के पाली खंड के अधिकारियों को गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के साथ ही विस्तृत शेड्यूल जारी कर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गई है।
मंत्री श्री कुमावत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर पेयजल की स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करें और वहां मौजूद समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जलदाय विभाग को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके तहत सहायक अभियंता डूंगाराम नोगिया और हेमंत पालीवाल तथा कनिष्ठ अभियंता दीपक बघेल, करूणा कुमारी, भगीरथराम और प्रतिभा शर्मा को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में जाकर प्रशासकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने का दायित्व सौंपा गया है।
जारी शेड्यूल के अनुसार 28 अप्रेल को सांपा और भांगेसर, 29 अप्रेल को गुंदोज और डिंगाई, 30 अप्रेल को हेमावास और सोनाईमांझी, एक मई को बोमादड़ा और लाम्बिया, दो मई को गुरडाई और दयालपुरा, तीन मई को गिरादड़ा और रूपावास, चार मई को खैरवा और बडेर का बास, पांच मई को सोडावास और खौड, छह मई को टेवाली और बूसी, सात मई को बाणियावास, आठ मई को कीरवा और गुडा एंदला तथा 9 मई को डरी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जलदाय विभाग के एईएन और जेईएन ग्रामीणों के साथ बैठक कर पेयजल समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान करेंगे।
मंत्री श्री कुमावत ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रीष्मकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां-जहां समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका गहन विश्लेषण कर स्थायी समाधान किया जाए, साथ ही तात्कालिक समस्याओं का यथासंभव तुरंत निवारण सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीणों को गर्मी में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस पहल के माध्यम से प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि पेयजल संकट को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और प्रत्येक गांव तक पहुंचकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
