जयपुर, 10 अपै्रल 2026। राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की टिप्पणी का करारा जवाब देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 अप्रैल 2026 को पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम पर अनायास टिप्पणी करना औंछी राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपनी सरकार की नाकामियों को छुपाने के लिए दूसरों पर दोषारोपण करना ठीक नहीं है और इसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

रिफाइनरी प्रोजेक्ट की अधूरी प्लानिंग और देरी का सच

राजेन्द्र गहलोत ने कहा कि "जब वे मुख्यमंत्री थे, तब रिफाइनरी के लिए न कोई निश्चित स्थान तय किया गया था, न ठोस प्लानिंग की गई थी और न ही बजट का पूर्वानुमान लगाया गया था, केवल वाहवाही लूटने के लिए जल्दबाजी में शिलान्यास कर दिया गया था।" उन्होंने बताया कि 2016 में भाजपा सरकार ने सही स्थान और उचित बजट तय किया था, लेकिन 2018 से 2023 तक गहलोत सरकार ने रिफाइनरी पर कोई काम नहीं किया। वे केवल कुर्सी बचाने के चक्कर में जयपुर-दिल्ली चक्कर काटते रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में त्वरित विकास

दिसंबर 2023 में राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने के लिए इस रिफाइनरी प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 2-4 बार स्थल पर जाकर निरीक्षण किया और मात्र दो वर्षों में ही काम पूरा कर दिखाया। अब 21 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे, जिससे राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार, पश्चिमी राजस्थान व बाड़मेर में बेहतर परिवहन सुविधाएँ और स्थानीय लोगों के लिए नए आर्थिक अवसर सृजित होंगे।

भविष्य की औद्योगिक संभावनाएँ और इंफ्रास्ट्रक्चर

सांसद ने रेखांकित किया कि भारतमाला जैसी दूरदर्शी योजनाओं से बाड़मेर में औद्योगिक विकास तेज हुआ है। वर्तमान में रिफाइनरी को रेलमार्ग, 262 किमी इनलैंड जलमार्ग और 700 किमी पाइपलाइन से जोड़ने का काम निरंतर चल रहा है। अंत में उन्होंने दोहराया कि अशोक गहलोत को अपने गिरेबान में झाँककर देखना चाहिए कि उनकी कार्यशैली ने प्रदेश के विकास को कैसे बाधित किया था।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story